स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समाधि स्थल पर जाकर पद रज संग्रह कर किया नमन

बहराइच। शहर बहराइच में निवास करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दिवंगत शिवनारायण सिंह, विजय कुमार नौरंग, श्रीमती दुर्गा देवी के समाधि स्थल नरिया घाट झिंगहा जाकर पदरज संग्रह करते हुए उन्हें नमन किया गया तथा भावपूर्ण पुष्पांजलि, सुगंधित धूप दीप नैवेद्य अर्पित किया गया। उसके पश्चात शहर बहराइच थाना दरगाह रोड निवासी कर्मठ, उत्साही, तथा सेनानी परिषद बहराइच के पूर्व अध्यक्ष महापरिषद रहे राम गोपाल अग्रवाल के आवास पर जाकर पदरज संग्रह किया गया। इस अवसर पर नौरंग की सुपुत्री रीता कुमारी ने बताया कि हमारे पूर्वजों बाबा शिव नारायण सिंह और पिता स्वर्गीय विजय कुमार नौरंग स्वतंत्रता संग्राम में देश की आजादी में 1932, 1942 में बापू के आवाहन पर भाग लिया था। जिसके फलस्वरूप उन्हें कठोर मानसिक, और शारीरिक यातनाएं दी गईं थीं, और कारावास की सजा भोगी थी। अंग्रेजों ने जमीन और घर जब्त कर नीलाम कर दिया था। हमारे दो भाई और बहन थी, हम लोगों को हमारे पिता ने मजदूरी करके पालन पोषण किया और पढ़ा लिखाकर अपने पैरों पर खड़ा किया। आज तक हमने विवाह नहीं किया है, सरकार की तरफ से आज तक हमें स्वतंत्रता सेनानी की कोई सुविधा नहीं मिली है और न ही हमारे आत्मीय भाइयों को, हमें आज गौरव प्राप्त हुआ है कि स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों के एकजुटता के प्रतीक प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान एवं उनके उत्तराधिकारियों के अस्तित्व की रक्षार्थ शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों के पद रज संग्रह अभियान में हमें सम्मान करते हुए हमारे पूर्वजों के पद रज संग्रह अभियान का अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर संगठन संरक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी, संगठन उपाध्यक्ष एवं स्व. राम गोपाल अग्रवाल के सुपुत्र अमरनाथ अग्रवाल, पौत्र हर्षित अग्रवाल, स्व.श्रीमती दुर्गा देवी के पौत्र वेद प्रकाश सिंह, स्वतंत्रता सेनानी विजय कुमार नौरंग के सुपुत्र अजय कुमार सिंह पौत्र सूरज सिंह, संगठन के अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ मुकेश श्रीवास्तव, संगठन महामंत्री एवं पदरज संग्रह अभियान बहराइच के पर्यवेक्षक आदित्य भान सिंह सहित दर्जनों स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार एवं मोहल्ले के लोग उपस्थित रहे।