डीएम ने तहसील सदर का किया निरीक्षण

बांदा। जिलाधिकारी दीपा रंजन ने बुधवार को सदर तहसील का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने तहसील सदर के विभिन्न पटलों, अभिलेखागार, कम्प्यूटीकृत नामांकन पंजिका, राजस्व वाद रजिस्टर, भूलेख कम्प्यूटर केन्द्र, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार कोर्ट, पेंशन एवं कर्मचारियों से संबंधित प्रकरण आदि के निस्तारण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण किये जाने, अमलदरामद के परवाना जारी करने के रजिस्टर का निरीक्षण किया। समय से राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने तहसील स्तर से जारी किये जाने वाले विभिन्न प्रमाण पत्रों को समय से जारी कराये जाने तथा प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का गुणवत्ता एवं समयबद्धता से निस्तारित करने के निर्देश दिये। उन्होंने बड़े बकायेदारों के वसूली रजिस्टर का अवलोकन करते हुए अमीनों के द्वारा वसूली कराये जाने तथा बकायेदारों के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने राजस्व वसूली कम पाये जाने पर लक्ष्य के अनुरूप वसूली किये जाने के निर्देश दिये।जिलाधिकारी ने निरीक्षण में भूलेख अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए ग्रामवार रखे गए राजस्व अभिलेखों का निरीक्षण किया। अभिलेखों का ग्रामवार सूची बनाकर रखने के निर्देश दिये। कम्प्यूटरीकृत खसरा, खतौनी पटल का निरीक्षण करते हुए आवेदकों से वार्ता कर निर्धारित समय से खतौनी जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने वरासत के मामलों का समयबद्धता के साथ निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कर्मचारियों के पेंशन सम्बन्धी प्रकरण, नगदीकरण आदि के मामलों का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों के लंबित देयकों का समय से भुगतान कराये जाने के निर्देश दिये। महिला, पुरूष शौचालय के निरीक्षण के दौरान गंदगी पाये जाने पर साफ-सफाई कराये जाने के निर्देश दिये तथा पेंशन प्रकरण के सम्बन्ध में कोई भी प्रकरण लंबित नही पाया गया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री सुरभी शर्मा, तहसीलदार सदर पुष्पक सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।