पुलिस पर पथराव करने पर 18 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, 5 गिरफ्तार

करारी कौशाम्बी । करारी स्थानीय थाना क्षेत्र के अर्का फतेहपुर गांव में सोमवार की रात हो रहे अवैध निर्माण को रोकने गई पुलिस पर हमला करने वाले बलवाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने 18 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर 5 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस बाकी बलवाइयों की तलाश कर रही है। अर्का फतेहपुर गांव के कृष्ण प्रकाश शुक्ल पुत्र स्व० रामलखन शुक्ल का गांव के किनारे रोड पर जमीन है। जबकि कृष्ण प्रकाश की जमीन के पीछे संतोष कुमार सरोज पुत्र केशव आदि की जमीन है। आरोप है कि संतोष आदि कृष्ण प्रकाश की जमीन पर जबरन कब्जा करना चाह रहे थे। कृष्ण प्रकाश ने सिविल कोर्ट जूनियर डिवीजन में केस कर अपनी जमीन की हदबंदी दायर किया था। इसके बावजूद 12 अक्टूबर को उक्त जमीन पर संतोष के चचेरे भाई रामहित, शिमला देवी पत्नी रामहित, पंकज पुत्र रामहित, सत्य प्रकाश पुत्र मुन्नी लाल व विनोद कुमार पुत्र बृजभवन उक्त जमीन पर जबरन नवनिर्माण करने लगे। शिकायत पर एसडीएम ने निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया था। इसके बाद 15 अक्टूबर को थाना समाधान दिवस पर डीएम ने उक्त जमीन पर नवनिर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया। कृष्ण प्रकाश ने सिविल कोर्ट से भी स्टे लें रखा है। 21 अक्टूबर को राजस्वकर्मियों द्वारा उक्त विवादित जमीन की पत्थरगड़ी की गई। इसके बाद भी  22 अक्टूबर की रात रामहित आदि पुनः निर्माण करने लगे। 23 अक्टूबर को पुलिस ने कृष्ण प्रकाश की तहरीर पर उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। सोमवार की आरोपियों ने फिर से विवादित जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसकी सूचना रात में पुलिस को दी गई। अवैध निर्माण कार्य की सूचना पाकर चौकी इंचार्ज अजीत उपाध्याय हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। चौकी इंचार्ज ने जब निर्माण कार्य रोकने को कहा तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। बलवाई ईंट पत्थर चलाने लगे। दंगाइयों के पथराव में चौकी इंचार्ज अजीत उपाध्याय का सिर फट गया। इसके अलावा अन्य सिपाहियों को भी चोटें आई। पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। आनन फानन में पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने 18 नामजद व 10 से 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने संतोष उसकी पत्नी सोना, बेटी सपना,पूजा व बेटा शुभम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस  शेष आरोपियो की तलाश कर रही है।