भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन की संरचना की सौंपी जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा के केंद्रीय पदाधिकारियों के दौरे में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कई सत्रों में बैठक चली, जिसमें बूथ स्तर तक संगठन की संरचना पूरी करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह लखनऊ आए थे। बैठक में बीएल संतोष, राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने प्रदेश पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों ने हिस्सा लिआ। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बैठक में संगठन के बूथ स्‍तर तक के गठन की चर्चा हुई। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि बैठक में छह जुलाई तक प्रदेश व्यापी पौधारोपण अभियान तथा प्रधानमंत्री के मन की बात को बूथ स्तर तक ले जाने की योजना बनी है।दीक्षित ने बताया कि कार्यकर्ताओं की टीकाकरण में सहभागिता पर भी जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बैठक में गरीबों व जरूरतमंदों को भाजपा सरकार द्वारा दिए जा रहे निशुल्क राशन का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को मिल सके इसके लिए योजना तैयार की गई। भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में यह चर्चा हुई कि पार्टी ने सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के साथ समाज के सभी वर्गों का भला किया है और विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं है। बैठक में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और गांव, गरीब, किसान, नौजवान के हितों के लिए किए गए कार्यों की प्रशंसा की गई। कहा गया कि योग के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई तथा अपराध व अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की है।