मोदी 18 दिसंबर को आ सकते हैं अगरतला

अगरतला।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 दिसंबर को यहां विवेकानंद स्टेडियम से त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकते हैं।प्राप्त जानकारी के मुताबिक श्री मोदी मेघालय से वापसी के दौरान यहां आ सकते हैं और विवेकानंद स्टेडियम में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री 18 दिसंबर को शिलांग में एक बैठक में शामिल होने वाले हैं। इस बैठक में शामिल होने के लिए पूर्वोत्तर राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।इसके बाद, श्री मोदी त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ शिलांग से विशेष विमान से दोपहर करीब 1.30 बजे अगरतला आएंगे।राज्य प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “ हालांकि प्रधानमंत्री के दौरे के विस्तृत कार्यक्रम को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है। कैबिनेट में चर्चा नहीं की गई है। प्रधानमंत्री मोदी अगरतला में तीन घंटे बिताएंगे और एक सभा को संबोधित करने के बाद स्टेडियम से कुछ परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। कैबिनेट या राज्य पार्टी के पदाधिकारियों के साथ कोई अन्य बैठक नहीं अभी तक निर्धारित नहीं की गयी है। ”भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े सूत्रों ने हालांकि बताया कि प्रधानमंत्री का दौरा अगले साल फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत का हिस्सा है। प्रधानमंत्री के दौरे के तुरंत बाद देश भर के भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री त्रिपुरा में गतिविधियां शुरू करेंगे। त्रिपुरा में चुनाव कराने के लिए टीम पहले ही बना दी गई है।भाजपा की पूरी चुनावी टीम अब चुनावी राज्य त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड पर ध्यान केंद्रित करेगी। प्रत्येक राज्य के लिए चुनाव रणनीतियों को अनुभवी पेशेवर संगठनों की सलाह से पार्टी के शीर्ष स्तर द्वारा अनुमोदित किया गया है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा, “ राज्य सरकार भी मतदाताओं की सहानुभूति हासिल करने के लिए अगले कुछ हफ्तों में सरकारी कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई लाभों की घोषणा करने जा रही है। चुनाव से पहले विपक्षी दलों को बदनाम करने के लिए कई तरह के दृष्टिकोण अपनाए गए हैं। हम अपने काम के प्रदर्शन के आधार पर वोट मांगेंगे और लोग निश्चित रूप से हमें सत्ता में वापस लाएंगे।”उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले दो महीनों में तीन बार त्रिपुरा दौरा रद्द कर चुके हैं।