ई-नीलामी से बिकेगी अनिल अंबानी की कंपनी!

नई दिल्ली। कर्ज में फंसी अनिल अंबानी की रिलायंस कैपिटल लिमिटेड की बिक्री प्रक्रिया अब ई-नीलामी से होगी। दरअसल कर्जदाताओं ने कंपनी की बोली लगाने वाले बोलीदाताओं के लिए ई-नीलामी के संचालन से संबंधित नियमों एवं प्रक्रिया को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। सूत्रों के अनुसार रिलायंस कैपिटल की एसेट्स के लिए ई-नीलामी 19 दिसंबर को शुरू होगी। इस नीलामी के लिए 5300 करोड़ रुपए का आधार मूल्य होगा। कॉस्मिया-पीरामल गठजोड़ ने यह बोली लगाई थी। पहले दौर की नीलामी में बोलीकर्ताओं को आधार मूल्य से अधिक की बोली लगानी होगी। यह पहला मौका है जब इतने बड़े पैमाने पर किसी कर्ज से दबी कंपनी की ई-नीलामी की जाएगी। ऋणशोधन अक्षमता एवं दिवाला संहिता के तहत रिलायंस कैपिटल के लिए बोलियां लगाई जाएंगी। सूत्रों ने कहा कि बढ़ती हुई बोलियों वाली ई-नीलामी करने का निर्णय एलआईसी और ईपीएफओ के आग्रह पर लिया गया है। सरकारी नियंत्रण वाली इन दोनों इकाइयों का कर्जदाता समिति में सम्मिलित नियंत्रण 35 प्रतिशत का है।