मुख्यमंत्री से बिल एण्ड मेलिण्डा गेट्स फाउण्डेशन की सह-संस्थापक सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल ने शिष्टाचार भेंट की

लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज यहां उनके सरकारी आवास पर बिल एण्ड मेलिण्डा गेट्स फाउण्डेशन की सह-संस्थापक सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल ने शिष्टाचार भेंट की। उत्तर प्रदेश आगमन पर मुख्यमंत्री ने सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स व उनके सहयोगियों का अभिनन्दन किया। विशेष मुलाकात में सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ स्वास्थ्य, पोषण और कृषि के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग को और बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री जी ने 10-12 फरवरी, 2023 तक प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन में सहभागिता करने के लिए सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स व उनके सहयोगियों को आमंत्रण भी दिया।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि देश की आजादी के अमृत वर्ष में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को दिसम्बर, 2022 से दिसम्बर, 2023 तक विश्व के बड़े राष्ट्रों के समूह जी-20 की अध्यक्षता करने का सुअवसर मिला है। यह कालखण्ड पूरी दुनिया की सुख, समृद्धि और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बिल एण्ड मेलिण्डा गेट्स फाउंडेशन (बी0एम0जी0एफ0) के कार्यों को उन्होंने नजदीक से देखा है। स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में बी0एम0जी0एफ0 का सराहनीय योगदान रहा है। कोविड की चुनौतियों के बीच फाउण्डेशन की ओर से उत्तर प्रदेश को लॉजिस्टिक्स और टेक्निकल सपोर्ट मिला। मुख्यमंत्री जी ने इसके लिए फाउण्डेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने हाल के वर्षों में स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में संतोषप्रद सफलता प्राप्त की है। प्रदेश में 40 वर्षों से मासूम बच्चों के असमय काल कवलित होने का कारण बनी रही इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी से होने वाली मृत्यु को 95 प्रतिशत तक नियंत्रित कर लिया गया है। इसके साथ-साथ चिकुनगुनिया, कालाजार जैसे संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हमें फाउण्डेशन ने सहयोग किया है। इंसेफेलाइटिस सहित विभिन्न जल जनित बीमारियों, कोविड प्रबन्धन सहित लोक स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमें यूनिसेफ, डब्ल्यू0एच0ओ0, बिल एण्ड मेलिण्डा गेट्स फाउण्डेशन और पाथ जैसी वैश्विक संस्थाओं से अच्छा सहयोग प्राप्त हुआ है। परस्पर सहयोग से आगे भी ऐसे प्रयास किये जाते रहेंगे।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। कई मानकों पर हमारा प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। इस कार्य में भी हमें बी0एम0जी0एफ0 का सहयोग मिला है। प्रदेश में मातृ और शिशु मृत्यु दर में बड़ी गिरावट आई है। वहीं, प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में देश बच्चों के टीकाकरण के लिए मिशन इंद्रधनुष के माध्यम से टीकाकरण के लिए मिशन मोड में प्रयास किये जा रहे हैं। इन प्रयासों का ही परिणाम है कि प्रदेश में हर नागरिक की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर को और बेहतर किया जाना है। हमारे पास दक्ष नर्सिंग रामेडिक्स की उपलब्धता बड़ी चुनौती है। इस सम्बन्ध में प्रदेश में मिशन निरामयाः के अंतर्गत एक सॉफ्टवेयर डेवलप किया गया है, जो नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ की ट्रेनिंग और कौशल विकास का अच्छा मॉडल बना है। योग्य, कुशल तथा प्रोफेशनल नर्सिंग स्टाफ व पैरामेडिक्स तैयार करने के लिए फाउण्डेशन हमें सहयोग कर सकता है।सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स ने कहा कि हाल के वर्षों में कोविड प्रबन्धन और इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी पर नियंत्रण के लिए उत्तर प्रदेश ने जैसा काम किया है, वह एक अनुकरणीय मॉडल है। कोविड की चुनौतियों के बीच उत्तर प्रदेश के सघन जनसंख्या घनत्व और विविध सामाजिक चुनौतियों का सामना यहां के नेतृत्व ने जिस प्रकार किया वह अत्यन्त सराहनीय है। इतनी बड़ी और सघन आबादी के बीच प्रदेश में वैक्सीनेशन का जैसा काम हुआ, उससे दुनिया को सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्तिम व्यक्ति को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा, वित्तीय समावेशन, पोषण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण आदि क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश की कोशिशें प्रेरणा देने वाली हैं। उत्तर प्रदेश न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए मॉडल है।उत्तर प्रदेश के साथ फाउण्डेशन के गहरे सम्बन्धों की चर्चा करते हुए सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स ने कहा कि स्वास्थ्य व सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में हम लम्बे समय से यहां काम कर रहे हैं। यह खुशी की बात है कि समाज के सबसे कमजोर और अन्तिम व्यक्ति तक हम सुविधाएं पहुंचाने में सफल हो पा रहे हैं। आने वाले समय मं हम प्रदेश के साथ अपने सम्बन्धों को और बेहतर करने की मंशा रखते हैं। सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स ने प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू डिजिटल बैंकिंग सिस्टम की भी सराहना की।सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की अपार सम्भावनाएं हैं। विगत वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर की बेहतरी के लिए जैसा कार्य किया है, वह अभूतपूर्व है। उत्तर प्रदेश का विकास शानदार है, उसकी दिशा सही है। इसकी जितनी सराहना की जाए कम है। प्रदेश में पोषण मिशन की सफलता की चर्चा करते हुए उन्होंने इसके लिए महिला स्वयंसेवी समूहों की भूमिका को सराहा, तो एफ0पी0ओ0 के गठन को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए हो रही कोशिशों की प्रशंसा भी की।उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों से प्रभावित सुश्री मेलिण्डा फ्रेंच गेट्स ने मुख्यमंत्री जी की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से महिलाओं के आत्मविश्वास में अभिवृद्धि होगी और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास हो सकेगा। इस तरह देश और प्रदेश के विकास में यह महिलाएं अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकेंगी। इन प्रयासों ने यह सिद्ध किया है कि महिलाएं भी नेतृत्व कर सकती हैं।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।