बालू भरा ट्रक पलटा, मासूम की मौत

बबेरू (बांदा)। ओवरलोड बालू भरा ट्रक पलट जाने से हैंडपंप के पास खड़ी महिला समेत चार लोग दब गए। खबर पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ और पुलिस बल ने घायलों को बाहर निकाला और स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां पर डाक्टरों ने मासूम बच्चे को मृत घोषित कर दिया। जबकि चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बच्चे की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, जेसीबी दो हाइड्रा ट्रक को नहीं निकाल पाई। क्रेन को बुलवाया गया। इधर ट्रक चालक मौके से भाग निकला।सोमवार की सुबह मरका थाना क्षेत्र के औगासी यमुना नदी के पक्के पुल से  50 मीटर पहले बस्ती के अंदर ओवरलोड बालू का ट्रक पलट गया। इससे महिला सुरतिया (70) पत्नी बाबूलाल निवासी औगासी, उसका पुत्र गुलाब (48) पुत्र बाबूलाल निषाद बाइक में फेरी लगाने वाला युवक मनीष (25) पुत्र स्वयंवर निवासी मंठा, विद्या देवी (45) पत्नी राजकुमार औगासी, अंशु (2) पुत्र रवि कुमार दब गये। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी केा बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां पर डाक्टरों ने मासूम बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक अंशु इकलौता पुत्र था। मां शकीला का रो-रो के बुरा हाल है। मृतक का पिता मुंबई में मजदूरी करता है। दो माह पहले पिता मुंबई गया था। इधर ट्रक को निकालने के लिए दो क्रेन मशीन व दो जेबीसी बुलाई गईं। ट्रक निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन नाकाम रहे। जाम की स्थिति बनी रही। दोनो तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, एडीएम, सीओ राकेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र, उप जिलाधिकारी रावेन्द्र सिंह, तहसीलदार अजय कटियार, नायब तहसीलदार अभिनव तिवारी, कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह मरका थाना प्रभारी अनिल सहित पूरे सर्किल का फोर्स लगा रहा। जानकारी मिलने पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच कर घायलों का हाल जाना और घटना की जानकारी ली। मासूम बच्चों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष विजयपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। क्षेत्रीय सपा विधायक विशंभर सिंह यादव ने बताया कि औगासी नवनिर्मित पुल का अभी लोकार्पण भी नहीं हुआ। शासन प्रशासन की अनदेखी से ओवरलोड बालू के ट्रक पुल से आ जा रहे हैं, जिसमें आए दिन घटनाएं हो रही है। प्रशासन अनदेखी कर रहा है। भाजपा सरकार में अवैध रूप से खदानी चलाई जा रही हैं। ओवरलोडिंग जमकर हो रही है। ओवरलोडिंग से सड़कें ध्वस्त हो रही हैं। ओवरलोडिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जानी चाहिए।