परिवार संग भूख हड़ताल पर बैठी महिला प्रधान

फतेहपुर। पड़ोसी गांव के दबंगों से परेशान एक महिला प्रधान अपने परिवारीजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भूख हड़ताल पर बैठ गई। पीड़ित प्रधान का कहना रहा कि दबंग उससे प्रधानी की रंजिश मानते हैं और प्रधानी का पैसा मांग रहे हैं। न देने पर उसके पति के साथ गाली-गलौज की। पति जान बचाकर भागे नहीं तो उनकी हत्या भी हो सकती थी। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चुरियानी की महिला प्रधान सुनैना देवी पत्नी वीरेंद्र शिवहरे ने बताया कि बगल के गांव सामियाना के रहने वाले मुन्ना सिंह गौतम उर्फ योगेंद्र सिंह उससे व उसके पति से प्रधानी चुनाव की रंजिश मानते हैं। करीब डेढ़ वर्ष से दबंग उसके व उसके पति को काफी परेशान करते हैं। बताया कि प्रधानी का रूपया मांग रहे हैं न देने पर जान-माल की धमकी देते हैं। आठ नवंबर की शाम लगभग साढ़े छह बजे पति गांव के अड्डे के पास बैठे थे। तभी मुन्ना सिंह आया और उसके पति को जान से मारने की धमकी देकर पैसा मांगने लगा। मौका पाकर पति वहां से भाग निकले। नहीं तो उनकी हत्या भी हो सकती थी। पीड़ित महिला प्रधान का कहना रहा कि उक्त दबंग से उसे व उसके परिवार को जान-माल का खतरा है। उसने पुलिस अधीक्षक से दबंग के खिलाफ उचित कार्रवाई करवाते हुए उसके परिवार की जान-माल की सुरक्षा किये जाने की गुहार लगाई है। हड़ताल पर बैठने वालों में पति वीरेंद्र शिवहरे के अलावा पुत्री रोशनी देवी व दीपा देवी भी शामिल रही।