विकास का झुनझुना बजाकर अपनी पीठ थपथपा रही पालिका: आसिफ

फतेहपुर। शहर में फैली गंदगी, बजबजाती नालियां व जलभराव से चैतरफा मच्छरों का प्रकोप है। डेंगू और चिकनगुनिया के मरीज बढ़ रहे हैं और नगर पालिका प्रशासन विकास का झुनझुना बजाकर अपनी पीठ थपथपा रहा है। यह बात मंगलवार को कन्या फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मो. आसिफ एडवोकेट ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही। श्री आसिफ ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहा है। पालिका क्षेत्र के वार्डों में जलभराव, गंदगी, प्रकाश, पानी की समस्या है। अधिकतर वार्डों का फाउंडेशन के सदस्यों के साथ भ्रमण कर जायजा लिया। वार्डों के निवासियों ने समस्याएं दिखाई और समस्याओं से सामना भी कराया। श्री आसिफ ने कहा कि अंदौली वार्ड में बिजली का संकट है। पाइपलाइन नहीं है। कब्रिस्तान जाने के लिए रास्ता भी नहीं है। मस्जिद, मदरसे के पास भी प्रकाश का कोई इंतजाम नहीं है। कहीं-कहीं खंभे भी नहीं लगे हैं विद्युत तार झूल रहे हैं। यही हाल मसवानी वार्ड का भी है। यहां पानी की प्रमुख समस्या है। गंदगी का अंबार जगह-जगह लगा हुआ है। आवास विकास वार्ड में भी जलभराव की समस्या मुंह बाये खड़ी है। रास्ते और नालियां टूटी पड़ी है। अंबेडकर पार्क भी अधूरा है। फाउंडेशन की संरक्षिका बृजरानी पटेल ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन कहां विकास करा रहा है। यह एक बड़ा सवाल है। शहर में फैली गंदगी, बजबजाती नालियां व जलभराव है। आहवान किया गया कि शहर के विकास के लिए मत देने का अवसर फिर आ रहा है। व्याप्त समस्याआं को नजर में रखते हुए अपने मत का प्रयोग करें और ऐसे लोगों को चुनकर पालिका भेजें जो जमीनी स्तर पर सुधार कर सकें। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार, भूपेंद्र मौर्य, एहसान अहमद एडवोकेट, राम बाबू मौर्य भी मौजूद रहे।