प्रयागराज मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर सतर्कता सेमिनार का आयोजन

प्रयागराज | उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल में  दिनांक 31.10.2022 से 06.11.2022 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, इसका मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार को समाप्त कर एक नवीन  भारत का निर्माण करना है| इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का विषय “भ्रष्टाचार मुक्त भारत – विकसित भारत “है |इसी क्रम में आज दिनांक 01.11.2022 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संकल्प सभागार में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नवीन कुमार की अध्यक्षता में सतर्कता सेमिनार का आयोजन किया गया| सर्वप्रथम मण्डल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मण्डल मोहित चंद्रा ने वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नवीन कुमार का पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया| उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ उप महाप्रबंधक महोदय ने कहा कि भ्रष्टाचार हमारे देश की प्रगति में बहुत बड़ी बाधा है, इसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रत्येक अधिकारी को एक सतर्कता अधिकारी के रूप में सतर्क रहते हुए कार्य करने की आवश्यकता है| उन्होंने आगे कहा की भ्रष्टाचार को रोकने के लिए नियमों को सरल और स्टैंडर्ड होना चाहिए। अधिक से अधिक डिजिटल माध्यम का प्रयोग किया जाना चाहिए ताकि कार्य में पारदर्शिता रहे भी और दिखे भी। इस अवसर पर उन्होंने एक पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विभिन्न विजिलेंस केसों के बारे में विस्तृत जानकारी दी साथ ही उन केसों में की गई गलतियों के बारे में भी बताया गया। नवीन ने रोटेशन ट्रांसफर, सिस्टम इंप्रूवमेंट, ट्रेनिंग , जागरूकता, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, APAR को भरते समय सावधानी बरतने, D&AR के अंतर्गत दी गई पेनाल्टियों को समय सीमा के अंतर्गत पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने मैनपावर को हायर कराने के दौरान टेंडर डॉक्यूमेंट को ध्यान से तैयार करने और कॉन्ट्रैक्टर द्वारा दिए गए प्रपत्रों की बारीकी से जांच करने की बात कही| उन्होंने किसी भी टेंडर में कार्य पूर्ण की तिथि के वास्तविक निर्धारण पर भी बल दिया| सेमीनार के बढ़ते हुए क्रम में  मुख्य सतर्कता अधिकारी/ इंजीनियरिंग देवेन्द्र सिंह एवं उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/ बिजली धर्मेंद्र कुमार ने भी विभिन्न विषयों पर सभी को जागरुक किया| इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज मण्डल मोहित चंद्रा ने वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं उनकी टीम को धन्यावाद देते हुए कहा की हम सभी को सिस्टम को सही करने का प्रयास करना होगा, सिस्टम के सही होने से भ्रष्टाचार समाप्त होगा| उन्होंने वरिष्ठ उप महाप्रबंधक  महोदय को आश्वस्त किया कि, उनके द्वारा बताये गए सभी बिन्दुओ का मण्डल पूरी तरह पालन करेगा| इस सेमीनार में  मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मण्डल मोहित चंद्रा , अपर मंडल रेल प्रबंधक /सामान्य, अपर मंडल रेल प्रबंधक/ परिचालन, अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा सहित सभी शाखाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे l