भाजपा ने डा. वीके सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए घोषित किया प्रत्याशी

प्रयागराज। लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपने पत्ते खोलते हुए डा.वीके सिंह को पार्टी की तरफ से प्रत्याशी घोषित कर कर दिया। वह वार्ड नं. १३ से जिला पंचायत सदस्य पद पर जीत हासिल करने में सफल हुए थे। वह प्रदेश कार्यसमिति भाजपा सदस्य डा. देवराज सिंह के पुत्र हैं। हंडिया पीजी कॉलेज, नेशनल इंटर कालेज हंडिया, डा. देवराज सिंह पब्लिक स्कूल भेस्की के प्रबंधक भी हैं। पेशे से चिकित्सक डा. सिंह का १०० बेड का अस्पताल भी है। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व सह संयोजक भी रहे हैं।इस घोषणा के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को लेकर चल रहे तमाम कयासों पर विराम लग गया है। यह घोषणा रविवार को एक होटल में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की। इस दौरान जिला प्रभारी लक्षमण आचार्य, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, फूलपुर सांसद केसरी देवी पटेल, इलाहाबाद सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, एलएलसी सुरेंद्र चौधरी, सहित विधायक मेजा, विधायक फाफामऊ के अतिरिक्त भाजपा के महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, यमुनापार अध्यक्ष विभवनाथ भारती, सुबोध सिंह, कार्यकारिणी सदस्य मृत्युंजय त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दवा किया कि प्रदेश की अधिकांश जिला पंचायत अध्यक्षों की कुर्सी भाजपा के खाते में आने वाली है। उन्होंने यह भी कहा कि जिला पंचायत सदस्य पद पर भी हमारी जीत हुई है। यह क्रम ब्लाक प्रमुख पद पर जब चुनाव होंगे तब भी जारी रहेगा। उन्होने यह भी कहा कि जो लोग भाजपा में आना चाहते हैं सभी का स्वागत है।पार्टी के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर व ब्लाक प्रमुख के पदों पर भी भाजपा आगे रहेगी। कहा कि यह संभव होगा तो सिर्फ पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत से। सभी ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पार्टी गांव की हर पंचायत पर जाकर मोदी और योगी के कामों को प्रचार प्रसार करेगी। सेवा एवं संगठन के माध्यम से पार्टी के हर गरीब वंचित कुपोषित लोगों की सेवा करने का काम करेगी।साथ ही प्रदेश पदाधिकारियों के घोषणा के साथ ही अपने कई मोर्चों के भी पदाधिकारियों की भाी घोषणा की। इस पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई और कहा कि पदाधिकारियों की घोषणा से संगठन मजूबत होगा। कार्यकर्ताओं को भी नई ऊर्जा मिलेगी।इस संबंध में प्रयागराज शहर के सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में बैठक हुई। सभी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु द्विवेदी, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता शाक्य, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष नरेश कश्यप एवं अन्य मोर्चा के अध्यक्ष तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा को बधाई दी।