भारतीय बैडमिंटन संघ पदक ने पदक विजेताओं के लिए घोषित किये पुरस्कार

नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने राष्ट्रमण्डल खेलों के साथ ही विश्व चैंपियनशिप में पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए अपना खजाना खोल दिया है। बीएआई ने विजेता खिलाड़ियों का सम्मान करने के लिए 1.5 करोड़ रुपये के पुरस्कारों की घोषणा की है। महासंघ के अध्यक्ष हिमंता विश्व सरमा ने पुरस्कार राशि की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘हमारे बैडमिंटन खिलाड़ियों ने लगातार देश का गौरव बढ़ाया है और यह नकद पुरस्कार पिछले दो वर्षों में उनकी शानदार उपलब्धियों को सम्मान देने का छोटा सा प्रयास भर है।’’ राष्ट्रमण्डल खेलों के पुरुष और महिला एकल में स्वर्ण विजेता लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु को 20-20 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी को स्वर्ण जीतने के लिए 25 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। लक्ष्य को विश्व चैंपियनशिप 2021 में कांस्य पदक जीतने के लिए भी पांच लाख रुपए दिये जाएंगे। वहीं गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली की युवा महिला युगल जोड़ी को कांस्य पदक जीतने पर 7.5 लाख रुपये दिए जाएंगे। विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को भी बर्मिंघम में अपने पुरुष एकल कांस्य पदक के लिए पांच लाख रुपये जबकि स्पेन के ह्यूएलवा में 2021 बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक के लिए 10 लाख रुपये मिलेंगे जबकि चिराग और सात्विक को पिछले महीने टोक्यो में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के लिए 7.5 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। वहीं राष्ट्रमण्डल खेलों में रजत पदक विजेता 10 सदस्यीय मिश्रित टीम को कुल 30 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस प्रकार हर खिलाड़ी को तीन लाख रुपये मिलेंगे जबकि सहयोगी स्टाफ के आठ सदस्यों में से प्रत्येक को 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे।