डायल-112 के तिरंगा मार्चपास्ट में देश भक्ति गीतों की रही धूम

फतेहपुर। आजादी के 75 वें वर्ष में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत घर-घर तिरंगा अभियान को गति देने के लिए लगातार कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को डायल-112 की ओर से तिरंगा मार्चपास्ट का आयोजन किया गया। यह रैली विभिन्न मार्गों पर भ्रमण करते हुए कटोघन टोल प्लाजा पहुंचकर समाप्त हुई। रास्ते भर देश भक्ति गीतों की धूम रही।पुलिस लाइन प्रांगण में प्रातःकाल डायल-112 की ओर से तिरंगा मार्चपास्ट का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी राजेश कुमार सिंह ने सोलह चार पहिया व आठ दो पहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। तिरंगा मार्चपास्ट पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर जोनिहां चैराहा से बुलेट चैराहा, पत्थरकटा चैराहा, सदर अस्पताल, बाकरगंज चैकी, लखनऊ बाईपास, थरियांव होते हुए खागा कटोघन स्थित टोल प्लाजा पहुंचकर समाप्त हुआ। तिरंगा मार्चपास्ट के समापन पर टोल प्लाजा मैनेजर राहुल सिंह एवं टोल प्लाजा कर्मियों के अलावा समस्त पीआरवी कर्मी, प्रभारी निरीक्षक खागा जय प्रकाश शाही, चैकी प्रभारी मंझिलगांव प्रवीण कुमार की उपस्थिति में पुलिस उपाधीक्षक खागा संजय कुमार सिंह ने झंडारोहण कर राष्ट्रगीतों के साथ भव्य रूप से उत्सव मनाते हुए सभी को मिष्ठान वितरण किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, पुलिस उपाधीक्ष्क नगर दिनेश चंद्र मिश्रा, क्षेत्राधिकारी जाफरगंज प्रगति यादव, प्रशिक्षणाधीन क्षेत्राधिकारी सौरभ सावंत, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक यूपी-112 सालिगराम वर्मा भी मौजूद रहे।