भूपेंद्र पटेल ने अरविंद मिल में किया तिरंगा वितरण

अहमदाबाद।गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मंगलवार को अहमदाबाद की विख्यात अरविंद मिल पहुंचे जहां उन्होंने अरविंद मिल के श्रमिकों तथा कर्मचारियों को तिरंगा ध्वज का वितरण किया।श्री पटेल हर घर तिरंगा अभियान में गुजरात के अग्रसर भूमिका निभाने के लिए विभिन्न शहरों में आयोजित तिरंगा यात्राओं में शामिल हो रहे हैं और नागरिकों को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी क्रम में वह आज अहमदाबाद की विख्यात अरविंद मिल पहुंचे जहां उनके करकमलों से अरविंद मिल के श्रमिकों तथा कर्मचारियों को तिरंगा ध्वजों का वितरण किया।उन्होंने तिरंगा वितरण के बाद श्रमिकों से 13 से 15 अगस्त के दौरान हर घर तिरंगा अभियान में जुड़ कर इस अभियान को जनाभियान बनाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है और सम्पन्न-विपन्न से लेकर सभी जाति-धर्म के लोग राष्ट्र भावना से इस पर्व में सहभागी बनते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्रभाई मोदी की प्रेरणा से हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से इस राष्ट्रीय पर्व के लिए एक अलग ही वातावरण का सृजन हुआ है, जिसमें सभी नागरिक उत्साहपूर्वक जुड़ रहे हैं और तिरंगे ख़रीद रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का आह्वान स्वीकार कर तिरंगा यात्राओं के माध्यम से हमारे हृदय में राष्ट्र के प्रति भावना जागी है। इस भावना का स्थायित्व बनाए रखने के लिए भी हम प्रयास करें। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने समग्र विश्व में हमारे देश की जो छवि उजागर की है, उसे इस अभियान में जुड़कर चरितार्थ करना है। उन्होंने आह्वान किया कि हर घर तिरंगा का संकल्प अंतिम छोर के मानव तथा छोटे से छोटे घर तक पहुँचे।