जिलाधिकारी की अगुवाई में निकली तिरंगा रैली

देवरिया। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगाँठ पर देश भर में मनाये जा रहे अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा रैली आज प्रातः साढ़े सात बजे सिंचाई खण्ड-2, देवरिया के कार्यालय से प्रारम्भ होकर देवरहा बाबा मेडिकल अस्पताल, जिला चिकित्सालय, देवरिया बस डिपो कलेक्ट्रेट, शिव मन्दिर, जिलाधिकारी आवास से सुभाष चौक, विकास भवन होते हुए वापस लौटकर सिंचाई खण्ड-2, देवरिया कार्यालय पर सम्पन्न हुयी। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अन्तर्गत देश में अलख जगी है, उसी के क्रम में आज जनपद में सिचाईं विभाग के अधिकारियो व कर्मचारियों ने यह तिरंगा यात्रा निकाली है। इस यात्रा के माध्यम से हर घर तिरंगा कार्यक्रम में जन भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आगामी 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगे को फहराये, यही इस जागरूकता रैली का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले नायकों के उच्च आदर्शों को अपने हृदय में सँजोये और उनसे प्रेरणा प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। तिरंगा यात्रा में  देशभक्ति से परिपूर्ण गीतों के बीच बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई खण्ड-2, देवरिया दुर्गेश गर्ग, सहायक अभियन्ता अक्षय कुमार, मनोज कुमार सिंह, आदित्य कुमार यादव, मनु चौधरी एवं प्रशासनिक अधिकारी सुदामा कुशवाहा सहित सिंचाई खण्ड-2, देवरिया के लगभग 150 कर्मचारीगण एवं राजस्व कर्मियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।