स्थानान्तरित डीएम को अधिकारियों ने दी विदाई

फतेहपुर। लगभग डेढ़ वर्ष तक जिले में रहकर विकास को नया आयाम देने वाली जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे का स्थानान्तरण शासन ने उन्नाव जनपद कर दिया। स्थानान्तरण के बाद शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में स्थानान्तरित डीएम को विदाई देने वालों का तांता लगा रहा। उधर जिले के अधिकारियों समेत कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने डीएम को उपहार देकर नम आंखों के बीच विदा दिया। डीएम अपूर्वा दुबे की आंखे भी जिले में बिताए पलों को याद कर नम हो गईं। उन्होने कहा कि जिले में मिले प्यार व स्नेह को वह कभी नहीं भुला पाएंगी। गंगा-जमुनी तहजीब का अच्छा संगम उन्हें यहां देखने को मिला। उन्नाव जनपद ट्रांसफर होने के बाद डीएम अपूर्वा दुबे को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार पाठक, उप जिलाधिकारी सदर नंदराम मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के अलावा कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने उपहार एवं बुके भेंटकर विदाई दी। सभी कर्मियों ने जिले में बिताए गए पलों का एक फोटो फ्रेम भी डीएम को भंेट किया। जिसे देखकर उनकी आंखे नम हो गईं। डीएम ने कहा कि उन्होने यहां लगभग उन्नीस माह का कार्यकाल संभाला है। उन्हें तमाम चुनौतियों का सामना भी करना पडा और यहां से बहुत कुछ सीखने को भी मिला। गंगा-जमुनी तहजीब के संगम का यह जिला है। उन्होने अधिकारियों व कर्मचारियों का आहवान किया कि वह ड्यूटी के प्रति ईमानदार रहें। पीड़ितों की समस्याओं का निस्तारण करने में कोई कोताही न बरतें। नए अधिकारी के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उधर डीएम अपूर्वा दुबे को विदाई देने का सिलसिला घंटों चलता रहा। व्यापारी नेताओं के साथ-साथ पत्रकार बंधुओं ने भी डीएम को बुके भेंटकर विदा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।