भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का मनाया स्थापना दिवस

चित्रकूट। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का 23वां स्थापना दिवस जिले में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पत्रकारों ने संगोष्ठी कर वृक्षारोपण किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार याज्ञिक मौजूद रहे।भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का 23वां स्थापना दिवस पत्रकारों ने शुक्रवार को धूमधाम से मनाया। इस दौरान पहाड़ी स्थित कार्यालय में संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार याज्ञिक ने कहा कि पत्रकारों के मान सम्मान की लड़ाई में संगठन आगे रहा है। देश के कई प्रदेशों में संगठन पत्रकार हितों के लिए सघर्षरत है। जिले के पत्रकारों की समस्याओं के निदान का हर संभव प्रयास होगा। तत्पश्चात पत्रकारों ने पालेश्वर नाथ प्रांगण में नीम, बरगद, चितवन, आंवला के पौधे रोपित किए। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलित होगा। ग्लोबल वार्मिंग में कमी आएगी। कहा कि पौधा लगाने के बाद संरक्षण बेहद जरूरी है। संरक्षण के अभाव में पौधे सूख जाते हैं। जिससे पौधरोपण का कोई सार्थक परिणाम नहीं मिल पाता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ लगाकर संरक्षण अवश्य करना चाहिए। इसके बाद महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक डा. भगवान प्रसाद उपाध्याय का 65वां जन्मदिन मनाया गया। पदाधिकारियों ने एक दूसरे को मिष्ठान खिलाकर अच्छे स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की। इस दौरान जिलाध्यक्ष शिवमूरत द्विवेदी, वंशीलाल साहू, रमेश रैकवार, रूपचंद पांडेय, वरिष्ठ समाजसेवी रामबाबू शुक्ला सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।