कांगो के राष्ट्रपति फेलिक्स रंवाडा के अपने समकक्ष के साथ मुलाकात करेंगे

किगाली । कांगो और रवांडा के तनावपूर्ण संबंधों के बीच कांगो के राष्ट्रपति फेलिक्स शीसेकेदी, रवांडा के अपने समकक्ष पॉल कागामे से अंगोला में मुलाकात करने वाले हैं। कांगो के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों नेता पूर्वी कांगो में सशस्त्र संघर्ष और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करने वाले हैं। एम23 विद्रोहियों ने पिछले माह पूर्वी कांगो में युगांडा की सीमा के पास स्थित शहर पर कब्जा कर लिया था। कांगो का आरोप है कि एम23 को रवांडा का समर्थन प्राप्त है, उसने रवांडा पर कांगो के क्षेत्र पर कब्जा करने का आरोप लगाया है।वे कांगो में रवांडा की आक्रामकता पर चर्चा करने वाले है। यह पूछने पर कि क्या अब भी कांगो का मानना है कि रवांडा के बल पूर्वी कांगो में एम23 विद्रोहियों की मदद कर रहे हैं, प्रवक्ता ने कहा, यह जाहिर है। रवांडा एम23 का समर्थन करने के आरोपों का लंबे समय से खंडन करता रहा है। एम23 मुख्य रूप से कांगो के उन जातीय तुत्सी लड़ाकों से बना है, जिनका कहना है कि उनकी सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय सेना में फिर से शामिल करने की अपनी पुरानी प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं किया। अफ्रीकी संघ ने इस साल की शुरुआत में अंगोला के राष्ट्रपति से कांगो-रवांडा विवाद में मध्यस्थता करने को कहा था।