महिला को पेड़ से बांधकर रात भर इतना पीटा कि तोड़ दिया दम

प्रयागराज। यमुनापार में खीरी इलाके के नीवी गांव में सनसनीखेज घटनाक्रम ने पुलिस अधिकारियों को भी सन्न कर दिया। वहां एक महिला की रात में हत्या कर दी गई। उसे रात में पेड़ पर रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा गया था। एक-दो लोगों ने पीट रहे शख्स को टोका भी था लेकिन वह नहीं माना। सुबह घर के बाहर पेड़ के सामने महिला की लाश मिली और पीटने वाला गांव का व्यक्ति फरार था। एसपी यमुना पार और सीओ ने पुलिस के साथ जांच की। छापेमारी की गई लेकिन संदिग्ध कातिल पकड़ में नहीं आया।नीबी गांव निवासी भोला शंकर बिंद शराब का लती है। बताया गया कि उसने छह महीने पहले १५ बिस्सा जमीन गांव के विनोद कुमार दुबे उर्फ मन्नू को बेची थी। उससे कुछ पैसे लिए और बाकी बकाया छोड़ दिया था। तब से वह नशे में डूबा रहता था। तीन महीने से वह घर नहीं आ रहा है। ३६ वर्षीय पत्नी रीता चार बच्चों के साथ गुजारा करती रही। बच्चों में दो बेटियां १७ साल की बबीता कुमारी उर्फ मुंदर, १२ साल की सरस्वती और दो बेटे छह साल का ओमप्रकाश तथा चार वर्ष का राजा है। भोला के लापता होने के बाद से उसकी पत्नी रीता बकाया पैसे विनोद दुबे से मांगती थी। विनोद अक्सर उसके घर आने लगा था। बेटियों ने बताया कि बुधवार आधी रात भी विनोद घर आया था। तब मां रीता से उसकी काफी कहासुनी हुई थी। वह उसे दूसरे कमरे में ले गया और फिर बाहर खींचकर पीटने लगा था। रात में करीब दो बजे आसपास के लोगों ने देखा कि रीता को पेड़ पर बांधकर विनोद उसे पीट रहा है। लोगों ने टोका तो विनोद ने धमकी देकर भगा दिया। लोग वैसे भी विनोद की दबंगई की वजह से चुप्पी साधे रहते थे।भोर में करीब चार बजे बेटी बबीता ने रीता को घर के बाहर पेड़ के पास मृत पड़ा देखा तो शोर मचाया। फिर आसपास के लोग जुटे तो रीता के कत्ल की खबर फैल गई। खबर पाकर रीता के मायके वाले भी आ गए। फिर खीरी पुलिस के साथ सीओ मेजा भीम कुमार गौतम तथा एसपी यमुना पार सौरभ दीक्षित भी पहुंचे। पुलिस ने रीता के शव और आसपास निरीक्षण किया। उसकी बेटियों से बात की। बबीता ने रात की घटना और विनोद द्वारा पिटाई की जानकारी दी। पड़ोसी ने भी यही बताया। रीता के भाई रामसूरत बिंद ने कहा कि विनोद ने बकाया पैसे देने की बजाय उसकी बहन को मार डाला है। रामसूरत ने रीता के पति पर शक जताया कि उसका भी इस घटना में हाथ है। रीता मायके गई थी तो एक हफ्ते पहले उसकी ननद आकर जबरन बुला ले गई थी। मौके पर डाग स्कवायड को भी बुलाया गया। आरोपित विनोद और रीता के पति भोला की तलाश हो रही है। एसपी यमुनापार और सीओ का कहना है कि विनोद तथा रीता के पति के पकड़ में आने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच्चाई सामने आएगी।