23,63,440 पौधों का हुआ रोपण, 849 स्थलों की जियो टैगिंग भी हुई

देवरिया।प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के हरित क्षेत्र में बढ़ोतरी के लिए चलाई जा रहे वृक्षारोपण जन आंदोलन -2022 में जनपदवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बड़ी संख्या में वृक्षारोपण  किया। अभियान के तहत 5 जुलाई को जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्य 23,63,440 पौधों का रोपण हुआ और 849 स्थलों का जियो टैग भी किया गया। 6 जुलाई को 2,36,273 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।माननीय सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी ने माधोपुर में किया पौधारोपण माननीय सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी ने माधोपुर में छोटी गंडक नदी की तलहटी में स्थित पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के 5 हेक्टेयर क्षेत्र में विस्तृत स्थल पर प्रातः 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पौधारोपण किया। इस अवसर पर सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि वृक्षारोपण जन आंदोलन 2022 के माध्यम से प्रदेश सरकार पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। जनपद में 9784 स्थानों पर 23 लाख से अधिक पौधों का पौधारोपण किया जा रहा है। जनपद के समस्त जनप्रतिनिधिगण एवं जिला प्रशासन के साथ-साथ जन समुदाय, सिविल सोसाइटी बढ़-चढ़कर इस अभियान में भागीदारी निभा रहे हैं। लोग बड़ी संख्या में घरों एवं गांव में पौधारोपण कर रहे हैं। इसका सुखद परिणाम देखने को मिलेगा और जनपद की हरियाली में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि पौधों की सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान दिया जा रहा है। पौधों की सुरक्षा में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री नीरज शाही ने भी पौधारोपण किया। वन विभाग के इस पौधारोपण स्थल पर 5500 पौधों का रोपण किया गया।