शाह ने बीरेन सिंह और वैष्णव से बात कर भूस्खलन की जानकारी ली

नयी दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात कर मणिपुर के तुपुल रेलवे स्टेशन के निकट भूस्खलन की घटना के बारे में जानकारी ली है।श्री शाह ने गुरूवार को ट्वीट कर कहा , “ मुख्यमंत्री एन बीरेन शाह और अश्विनी वैष्णव से मणिपुर के तुपुल रेलवे स्टेशन के निकट भूस्खलन के बारे में जानकारी ली। घटनास्थल पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ की एक टीम पहले ही घटनास्थल पर पहुंच गयी है और अभियान में हाथ बंटा रही है। दो अन्य टीम तुपुल के लिए रवाना हो गयी हैं। ”उल्लेखनीय है कि मणिपुर के नोनी जिले में बुधवार आधी रात हुए भीषण भूस्खलन में प्रादेशिक सेना के कई जवान दब गये। हादसे में प्रादेशिक सेना के दो जवानों सहित आठ लोगों की मौत हो गयी है। बचाव टीमों ने 23 लोगों को बचा लिया है जबकि 50 अन्य के अभी भी लापता होने की खबर है।मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह घटनास्थल पर पहुंच गये हैं और बचाव अभियान पर नजर रखे हुए हैं। सेना, असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर बचाव कार्य किया जा रहा है।