सिमोन एशिया पैसीफिक कप में खेलेंगी चार भारतीय महिला गोल्फर

नई दिल्ली। भारत की चार महिला गोल्फर 750,000 अमेरिकी डॉलर ईनामी राशि वाले पहले सिमोन एशिया पैसीफिक कप में भाग लेंगी। इंडोनेशिया के जकार्ता में 15 से 20 अगस्त तक होने वाले इस टूर्नामेंट के पहले सत्र के लिए दो-दो खिलाड़ियों की दो भारतीय टीम को आमंत्रण मिला है। इस टूर्नामेंट का आयोजन एशियाई गोल्फ लीडर्स फोरम के तहत ही होगा। इसमें कुल इनामी राशि में से पांच लाख की इनामी राशि व्यक्तिगत स्पर्धा के लिए दी जाएगी जबकि ढाई लाख डॉलर की इनामी राशि टीम स्पर्धा के लिए रहेगी। यह तीन दिवसीय 54 होल की स्ट्रोक प्ले स्पर्धा रहेगी। इसमें भारत को पहले एक ही टीम आवंटित की गई थी। जिसमें अदिति अशोक और त्वेसा मलिक को ही आमंत्रित किया गया था। भारतीय महिला गोल्फ संघ के अनुसार बदलाव के तहत इन दोनों की जगह इस बार दीक्षा डागर और गौरिका बिश्नोई को शामिल किया गया है। वहीं दूसरी टीम में अमनदीप द्राल और वाणी कपूर रहेंगी।