व्यस्त दिनचर्या में 15 मिनट योग कर हासिल करें स्वास्थ्य लाभ: वेंकटेश्वर

फतेहपुर। आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन मंगलवार को मानवता के लिए योग थीम पर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गांधी मैदान कलेक्ट्रेट के अलावा जिले के एक हजार स्थानों पर किया गया। जिसमें योग गुरूओं ने सभी को योगाभ्यास कराया। गांधी मैदान में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेते हुए जनपद के नोडल अधिकारी/आईएएस, प्रमुख सचिव परिवहन विभाग एवं महानिदेशक उपाम उत्तर प्रदेश शासन एल. वेंकटेश्वर लू ने व्यस्त दिनचर्या में 15 मिनट योग कर स्वास्थ्य लाभ हासिल करने की अपील की। गांधी मैदान कलेक्ट्रेट में योगाभ्यास का आयोजन प्रातः सात बजे से आठ बजे तक किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में अयाह-शाह विधायक विकास गुप्ता ने शिरकत की। जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश ने की। योगाभ्यास में एसपी राजेश कुमार सिंह ने भी हिस्सा लिया। संचालन चिकित्साधिकारी डा. सत्य प्रकाश सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन कर व योग ऋषि पातंजलि के चित्र पर माल्यार्पण कर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने किया। परियोजना निदेशक डीआरडीए महेंद्र प्रसाद चैबे, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. सुधीर रंजन व जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डा. अंबरीश चंद्रा ने अतिथियों व नागरिकों का स्वागत किया। योगाभ्यास के पूर्व गुब्बारे हवा में प्रक्षेपण कर योग के महत्व पर बल देते हुए वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को मजबूती प्रदान करने वाला तथा पूरी मानवता को एक साथ जोड़ने के एक सशक्त माध्यम के रूप में रेखांकित किया। प्रमुख योगाचार्य अंगद सिंह, कमल सिंह पटेल व सहायक योगाचार्य ने प्रमुख सचिव के साथ सभी को योगाभ्यास कराया। लगभग 1850 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया। प्रमुख सचिव ने कहा कि योग हमारे देश द्वारा दुनिया को दी गई विधा है। जिसके माध्यम से हम प्रतिदिन अपनी व्यस्त दिनचर्या में पंद्रह मिनट योग के लिए देकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। सीडीओ ने सभी का आभार जताया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने सभी कर्मचारियों व आमजन का सहयोग के लिए आभार जताया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, आईटीआई प्रधानाचार्य के अलावा डा. पंकज कुमार, नितिन कुमार, उदय शंकर, नेहरू युवा संगठन, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, एंजल नेचर क्योर संस्थान, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयुष विभाग ने सभी प्रतिभागियों को बिस्कुट, केला एवं छाछ का वितरण किया।