गर्मी और उमस से जनजीवन बेहाल

जौनपुर। कई दिनों से मौसम का मिजाज तल्ख हो गया। तेज धूप के कारण लोग गर्मी से परेशान हो गए। उमस ने घरों में लोगों की बेचैनी बढ़ा दी। गर्मी के कारण शहर में दोपहर में कम लोग सड़क पर नजर आए। सामान्य तौर पर दोपहर में भी शहर की सड़कों पर जाम लगा रहता है। गत दिनों मामूल बारिष से अन्नदाता अपने खेतों को तैयार करने में जुट गए हैं। जोताई का कार्य शुरू हो गया है। धान की खेती करने वाले किसान नर्सरी डालने में जुटे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अभी धूप और छांव का सिलसिला जारी रहेगा। 15 जून तक मानसून आने के संकेत मिल रहे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बदलते मौसम में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली भी धोखा दे रही है। तेज हवा के साथ बारिश होने के बाद काफी देर के लिए बिजली गायब हो जा रही है। इससे लोगों की परेशानी और भी बढ़ जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो और भी खराब हालात हैं। तेज हवा के चलते पेड़ों के बीच से निकलते तार टूट जा रहे हैं। इससे विद्युत सेवा बाधित हो जा रही है।