संकटों से घिरे श्रीलंका की भारतीय मदद के लिए विक्रमसिंघे ने की प्रशंसा

कोलंबो । आर्थिक और राजनैतिक संकटों से घिरे देश श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने भारत की ओर से मिल रही मदद की प्रशंसा की है। इसके साथ ही उन्होंने शुक्रवार को कहा कि वह दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए उत्सुक हैं। विक्रमसिंघे ने ट्विटर पर कहा कि शुक्रवार को भारतीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के साथ उनकी बातचीत हुई। इस मुश्किल समय के दौरान भारत की ओर से दी गई मदद के लिए मैंने अपने देश की ओर से उसकी सराहना की। मैं दोनों देशों के बीच के संबंधों के और प्रगाढ़ होने की उम्मीद करता हूं। श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने एक और ट्वीट में कहा कि वह श्रीलंका की मदद के लिए एक विदेशी सहायता समूह की स्थापना के संबंध में ‘क्वाड’ सदस्यों के प्रस्ताव पर भारत और जापान के सकारात्मक रूख के लिए उनके ‘आभारी’ हैं।