देवीगंज से गंगानगर तिराहे तक 36 लाख से बनेगी सीसी रोड

फतेहपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर क्षेत्र में कराए जा रहे सड़क सुधार कार्य कड़ी में एक काम और जुड़ गया। देवीगंज ओवर ब्रिज से गंगानगर तिराहे तक 36 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य एवं जिला योजना समिति के सदस्य हाजी रजा ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। नगर पालिका परिषद के बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य एवं जिला योजना समिति के सदस्य हाजी रजा अपने अन्य सदस्यों के साथ आयोजन स्थल पहुंचे। जहां उनका फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात उन्होने फावड़ा चलाकर सीसी रोड के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। श्री रजा ने कहा कि नगर पालिका परिषद लगातार शहर की सड़कों का सुधार कर रहा है। सड़क सुधार कार्य के तहत ही देवीगंज ओवर ब्रिज के नीचे गंगानगर तिराहे तक इस सड़क का निर्माण 36 लाख रूपए की लागत से कराया जाएगा। उन्होने कहा कि सभी का सहयोग रहा तो नगर पालिका द्वारा अन्य विकास कार्य भी समय-समय पर कराए जाएंगे। इस मौके पर सभासद विनय तिवारी, दिनेश तिवारी खलीफा, सतीश पासवान, इरशाद अहमद मुन्ना बाजपेई, राजेश मौर्य, डॉक्टर हरिराम लोधी, रानू द्विवेदी, महेश गुप्ता, लवकुश गुप्ता, उत्तम बाजपेई मौजूद रहे।