एसपी ने नदी को पुनर्जीवित करने में किया श्रमदान

फतेहपुर। केंद्र की मोदी सरकार हो या सूबे की योगी सरकार दोनों ही सरकारें नदियों को पुनस्र्थापित पुनर्जीवित करने के लिए तेजी से काम कर रही हैं। इसी को देखते हुए जिले में भी ससुर खदेरी नदी को पुनर्जीवित करने का काम किया जा रहा है। बीती चार मई को डीएम अपूर्व दुबे और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति की मौजूदगी में ससुर खदेरी नदी को पुनर्जीवित करने के लिए अभियान की शुरुआत हुई थी।इसी के तहत आज पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने अपने 150 अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों के साथ भिटौरा ब्लाक के चैहट्टा गांव में नदी के लिए श्रमदान किया। साथ ही उन्होंने सभी से अपील किया कि सभी लोग मिलकर इसमें हाथ बटाएं। जिससे नदी को पुराने स्वरूप में वापस लौटाया जा सके। बता दें कि नदी 24 ग्राम पंचायतों से होकर जाती है। इन सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत इस नदी को पुनर्जीवित करने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। जिसमें कई समाजसेवी संगठन भी बढ़-चढ़कर प्रशासन की इस मुहिम में हिस्सा ले रहे हैं। नदी के पुनर्जीवित होने से आने वाले वक्त में इस क्षेत्र में सिंचाई के लिए जल की समस्या खत्म हो सकती है।