जोनास-प्रियंका गायब रहे इवेंट नाइट मेट गाला से

मुंबई। हर बार अपने लुक्स से सुर्खियों में छा जाने वाली प्रियंका चोपड़ा इस बार मेट गाला 2022 में नजर नहीं आईं। इसके अलावा उनके पति निक जोनास भी मेट गाला से नदारद रहे। ऐसे में कपल के फैन उन्हें जरूर मिस कर रहे होंगे और ये जानना चाहते होंगे कि आखिर दोनों इस बार फैशन इवेंट का हिस्सा क्यों नहीं बने। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास ने जनवरी 2022 में ही अपने पहले बच्चे, एक बेटी का स्वागत किया था। ऐसे में नए-नए माता-पिता बने निक-प्रियंका ने न्यूयॉर्क में मेट गाला में हिस्सा लेने के बजाय अपने लॉस एंजेलिस स्थित घर वेस्ट कोस्ट में रहने का विकल्प चुना। क्योंकि, दोनों की बेटी अभी कुछ महीने की ही है। हालांकि, इस बार निक जोनास के भाई जो जोनास प्रेग्नेंट पत्नी और एक्ट्रेस सोफी टर्नर के साथ इवेंट में शामिल हुए। बता दें, प्रियंका और निक के लिए मेट गाला का काफी महत्व है। निक और प्रियंका ने साल 2018 में एक साथ मेट गाला में हिस्सा लिया था, हालांकि, तब दोनों एक-दूसरे को डेट नहीं कर रहे थे। ये उनकी साथ में पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी। इसके बाद 2018 में फिर प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास की मेट गाला में मुलाकात हुई।मेट गाला 2018 में हुई मुलाकात के बाद दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे। ऐसे में प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास के लिए मेट गाला सिर्फ एक फैशन इवेंट नहीं है। दोनों की लव स्टोरी की शुरुआत भी इसी इवेंट के जरिए हुई थी। जानकारी के अनुसार निक ने प्रियंका को इस इवेंट के एक महीने बाद जुलाई में उनके बर्थडे पर प्रपोज किया था। निक जोनास ने प्रियंका चोपड़ा को प्रपोज करने के बारे में बात करते हुए कहा- ‘मैं फिर से घुटनों पर बैठा और कहा- क्या तुम मुझसे शादी करके मुझे दुनिया का सबसे खुशनसीब आदमी बनने का मौका दोगी। उसने लगभग 45 सेकेंड का समय लिया, 45 सैकेंड का मौन।’ प्रियंका ने कहा कि वह स्पीचलेस हो गई हैं। इस पर निक ने उनसे कहा- ‘अगर तुम्हें कोई आपत्ति नहीं है तो मैं ये रिंग तुम्हारी उंगली में पहनाना चाहूंगा।’ इसके बाद दिसंबर 2018 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। मालूम हो कि फैशन की सबसे बड़ी इवेंट नाइट मेट गाला में हर बार प्रियंका चोपड़ा का लुक सुर्खियों में रहता था। फैशन इवेंट में उनका लुक देखने को फैन हमेशा ही बेताब रहते थे। कई बार उनके लुक्स पर मीम भी बने।