इस सत्र के बाद नजर नहीं आयेंगी फेलिक्स

वाशिंगटन । अब तक सबसे ज्यादा ओलंपिक पदक जीतने वाली अमेरिकी महिला एथलीट एलिसन फेलिक्स 2022 के इस सत्र के बाद खेल को अलविदा कह देंगी। फेलिक्स ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, ‘यह सत्र समय के लिए नहीं बल्कि यह आनंद लेने के लिए है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘अगर आप मुझे इस साल ट्रैक पर देखेंगे तो मैं उम्मीद करूंगी कि आपसे एक पल और एक याद साझा करूं।’ फेलिक्स ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में 400 मीटर में कांस्य पदक जीतने के बाद चार गुणा 400 मीटर रिले में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। ये दोनों उनके 10वें और 11वें ओलंपिक पदक थे। इसी के साथ ही फेलिक्स ने एथलेटिक्स इतिहास में कार्ल लुईस को भी पीछे छोड़ दिया था। अब वह विश्व में केवल फिनलैंड के पावो नुर्मी से एक पदक पीछे हैं जिन्होंने 1920 से 1928 के बीच 12 पदक जीते थे। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘इस सत्र में मैं महिलाओं और अपनी बेटी के बेहतर भविष्य के लिए दौडूंगी।’