पति ने ही पत्नी का किया था बेरहमी से कत्ल

बांदा। छह माह पूर्व कोर्ट मैरिज करने के बाद शरीकेहयात अपने मायके चली गई। शौहर जब उसे लेने के लिए ससुराल पहुंचा तो पत्नी तैयार नहीं हुई और झगड़ा कर लिया। आवेश में आए पति ने अपनी पत्नी का चाकू से गला रेत दिया और भूसे के ढेर में शव छिपाकर वहां से फरार हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से बात करते हुए घटना का खुलासा किया। सर्विलांस की मदद से दिल्ली के आनंद विहार से आरोपी पति को गिरफ्तार करने का पुलिस ने दावा किया है।गिरवां थाना क्षेत्र के ऐला गांव निवासी सरोज देवी पुत्री छिद्दू रैदास का शव 28 अप्रैल की रात भूसे में दबा हुआ पाया गया था। दुर्गंध उठने पर पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। उसकी गर्दन धारदार हथियार से रेती गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला रेतकर हत्या करने की पुष्टि की गई। पुलिस अधीक्षक ने टीम गठित करने के बाद इस मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। पिता ने बताया था कि सरोज ने छह माह पहले चित्रकूट जिले के रहने वाले कल्लू रैदास उर्फ देवीदयाल पुत्र चुन्नीलाल निवासी खिचड़ी के साथ कोर्ट मैरिज की थी। कोर्ट मैरिज करने के बाद सरोज अपने मायके आ गई थी। पति उसे लेने के लिए आया हुआ था। पति के मुताबिक वह सरोज को ससुराल चलने के लिए कह रहा था। लेकिन सरोज ने साथ चलने से मना कर दिया था। इतना ही नहीं हैंडपंप से पानी भी मंगाया था, लेकिन वह लेकर नहीं आई। जवाब दिया था कि खुद ही पानी भर लाओ। इससे उसने अपने आपको अपमानित महसूस किया। इसी बात को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया। गुस्से से तमतमाए पति ने पत्नी की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी और शव को अटारी में रखे भूसे में दबाकर फरार हो गया। कुछ दिन के बाद जब दुर्गंध उठने लगी, तब घटना की जानकारी हो सकी। अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि शव मिलने के बाद ही मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि पति ससुराल आया था।