डरने वाले नहीं, सड़क से सदन तक लड़ेंगे लड़ाई

बांदा। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति का अनावश्यक तौर पर किए जा रहे उत्पीड़न को लेकर समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी हो गई है। सपा मुखिया के निर्देश पर सपा का पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल पूर्व विधायक प्रजापति के आवास पहुंचा और जांच पड़ताल की। कहा कि समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। उत्पीड़न किसी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाजवादी पार्टी का पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल तिंदवारी के पूर्व विधायक व पूर्व सपा प्रत्याशी बृजेश प्रजापति के आवास पहुंचा और जांच पड़ताल की। प्रतिनिधि मंडल में राज्य सभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, पूर्व सांसद राजाराम पाल, बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव, कर्वी विधायक अनिल पटेल, सपा जिलाध्यक्ष विजयकरन यादव शामिल रहे। प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व विधायक प्रजापति के परिजनों से मुलाकात कर बात की और हर संभव मदद का भरोसा देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के इशारे पर जिला प्रशासन राजनैतिक द्वेषवश सपा के कार्यकर्ताओं व नेताओं को परेशान कर रहा है। फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं। लेकिन कार्यकर्ता अब सरकार के इस जुल्म के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ेगी। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि अगर कोई नेता भाजपा में रहता है तो उसके सारे दाग धुल जाते हैं और अगर भाजपा से अलग होते हैं तो उन पर फर्जी मुकदमे लिख जाते हैं। अलग-अलग तरीकों से परेशान किया जाता है। कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में जिस तरह से लूट, हत्याएं, महिलाओं के साथ शोषण, महंगाई इस कदर बढ़ी है कि हर वर्ग का व्यक्ति परेशान है, ध्यान भटकाने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं के द्वारा इस तरह की फर्जी कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर विदित त्रिपाठी, राजेंद्र यादव, वृंदावन वैश्य, रामपाल प्रजापति, मुलायम यादव, अवध बिहारी, देवेंद्र प्रजापति, लवलेश प्रजापति, विष्णु यादव, सुनील विश्वकर्मा, अखिलेश पाल आदि सपा पदाधिकारी मौजूूद रहे।