ताजा वीडियो में पुतिन के हावभाव देखने के बाद लगने लगी उनकी सेहत को लेकर अटकलें

मॉस्को । यूक्रेन पर भीषण हमलों के 57 दिनों बाद रूस लगातार आक्रामक होता जा रहा है उसके बाद यूक्रेन के सबसे बड़े बंदरगाह शहर मारियुपोल पर कब्जा करने का दावा किया है। मारियुपोल जैसे अहम शहर पर कंट्रोल करना रूस के लिए आधी जंग जीतने के बराबर है। इस जीत के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मुलाकात का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में पुतिन के हावभाव देखने के बाद उनकी सेहत को लेकर फिर से तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा है कि पुतिन किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। दरअसल, वीडियो में दिखा कि पुतिन मुलाकात के दौरान टेबल का एक कोना लगातार पकड़ कर बैठे रहे। पूरी मुलाकात के दौरान पुतिन के दाहिने हाथ में सिर्फ अंगूठा थोड़ा हिल रहा था। यूक्रेन की खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, पुतिन आंत के कैंसर से जूझ रहे हैं। उनका चेहरा फूला हुआ है, जो दर्शाता है कि वो ठीक होने के लिए कीमोथेरेपी दवाएं या स्टेरॉयड ले रहे हैं। इससे पहले फरवरी में मॉस्को में जर्मन ब्रॉडकास्टर एआरडी स्टूडियो के पूर्व डायरेक्टर उडो लिलिस्की ने आशंका जताई थी कि पुतिन गंभीर रूप से बीमार हैं। 69 वर्षीय पुतिन के साथ कई कैंसर एक्सपर्ट लगातार साथ में चलते हैं। इन दिनों पुतिन स्टेरॉयड भी ले रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में इससे पहले दावा किया गया था कि फिट और एक्टिव रहने वाले पुतिन ने 35 बार चेकअप कराने की चर्चा भी गरम थी। एक रिपोर्ट में दावा किया था कि पुतिन अपनी शारीरिक ताकत बढ़ाने के लिए साइबेरिया में पाए जाने वाले बारहसिंघा के खून से नहाते हैं। हालांकि, क्रेमलिन ने ऐसी खबरों को बकवास करार दिया था। कई रिपोर्ट्स में पुतिन के कैंसर और पार्किंसन बीमारी से ग्रस्त होने की बात कही गई है। इसी साल फरवरी में पुतिन का एक ऑपरेशन भी हुआ था। वेस्टर्न मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खराब सेहत के चलते पुतिन ने अपनी 34 वर्षीय बेटी केतरीना को अपना उत्तराधिकारी भी चुन लिया है।