मुठभेड़ में लुटेरे पुलिस की गोली से घायल

बांदा। तकरीबन एक माह पूर्व बैंक से रुपए लेकर जा रही महिला से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। बाइक सवार दोनो लुटेरों ने एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। दोनो लुटरों के पैर में गोली लगी है। घायल लुटेरों को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया, वहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन भी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस टीम ने लुटेरों से लुट के 56 हजार रुपए, दो तमंचे और बाइक समेत दो मोबाइल बरामद किए हैं।गौरतलब हो कि बीते आठ मार्च को अतर्रा बैंक से महिला एक लाख रुपए निकालकर घर जा रही थी, तभी बदौसा थाना क्षेत्र में सुनसान जगह पर दो लोगों ने महिला से लूटपाट की थी। महिला की तहरीर पर बदौसा थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में दोनो युवकों की पहचान की गई थी। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे, शनिवार की दोपहर अतर्रा-बदौसा रोड पर एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। तभी चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दो अभियुक्तों को रोका गया। बाइक सवार अभियुक्तों ने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया और भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा करते हुए जवाबी फायरिंग की। इससे पुलिस की गोली लगने से दोनो आरोपी घायल हो गए। गोली दोनो आरोपियों के पैर में लगी। दोनो को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी अभिनंदन भी खबर पाकर अस्पताल पहुंचे। पूछतांछ में अभियुक्तों ने बताया कि बैंक से रुपया निकालने वाले व्यक्तियों का वह पीछा कर लेते थे। रास्ते में सुनसान जगह पाकर उन्हें लूट लेते थे। उनके द्वारा जनपद महोबा में भी लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम राम सिंह पुत्र मंगल सिंह और शनी सिंह पुत्र वीर सिंह निवासीगण चंदला छतरपुर बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही लूटे गए 56,150 रुपए, एक बाइक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अतर्रा हरीशरण सिंह, मयंक चंदेल, उप निरीक्षक राजेश मिश्र, पवन पाण्डेय, महेश सिंह, कुलदीप, धीरेंद्र, अश्विनी, भानु, पुष्पेंद्र, सत्यम आदि शामिल रहे।