मंदाकिनी नदी की सफाई को हुआ सर्वेक्षण

चित्रकूट। प्रदेश सरकार के नदियों को निर्मल बनाने के क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर सिंचाई विभाग के अभियंता ने टीम के साथ मंदाकिनी नदी का नाव से भ्रमण कर जायजा लिया। अब मंदाकिनी स्वच्छ बनाने को सीमांकन कर कार्य योजना तैयार की जाएगी।गौरतलब हो कि मंदाकिनी नदी को स्वच्छ बनाने के लिए डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने गत दिवस बैठक कर निर्देश दिए थे। जिसके तहत सिंचाई प्रखंड प्रथम के अधिशाषी अभियंता आशुतोष कुमार, सहायक अभियंता गुरु प्रसाद, डीसी मनरेगा धर्मराज सिंह, जल संस्थान के जेई रवि कुमार विश्वकर्मा, सिंचाई विभाग के जेई अजय कुशवाहा, देवेन्द्र शुक्ला, जय प्रकाश ने शनिवार को दो नांवो मे बैठक कर मंदाकिनी नदी की समीक्षा की। रामघाट से कर्वी पुल घाट तक गहन पड़ताल की गई। इस दौरान ड्रोन कैमरे के माध्यम से नदी की सफाई की कार्य योजना बनाई है। सहायक अभियंता गुरु प्रसाद ने बताया कि मंदारकिनी नदी को बचाए रखने के लिए सीमांकन कराया जाएगा। इसके लिए डीएम के माध्यम से राजस्व टीम के साथ मंदाकिनी नदी के क्षेत्र को कवर करेंगें। बताया कि नदी के अंदर जल स्रोत खोलने के लिए सफाई कराएंगें। अवैध अतिक्रमण से निजात मिलेगी। नदी के दोनो ओर वृक्ष लगाए जा सकते हैं। जिससे पर्यावरण भी संतुलित होगा। जल्द ही नदी की सफाई की विस्तृत रूपरेखा बनाकर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।