दिल्ली और पंजाब के बाद अब गुजरात फतह की तैयारी, केजरीवाल और मान पहुंचे अहमदाबाद

अहमदाबाद| दिल्ली और पंजाब के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात फतह करने की तैयारी है| दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पहुंच गए हैं और आज शाम रोड के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेंगे| बता दें कि इस वर्ष के अंत में गुजरात विधानसभा के चुनाव होने हैं और उसके लिए भाजपा और कांग्रेस ने रैली और रोड शो की शुरुआत कर दी है| भाजपा-कांग्रेस के बाद अब आप का अगला लक्ष्य गुजरात है और इसके लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंच चुके हैं| अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान आज सुबह अहमदाबाद के गांधी आश्रम पहुंचे जहां महात्मा गांधी को सूताजंलि अर्पण की| दोनों मुख्यमंत्रियों ने गांधी आश्रम में प्रदर्शनी भी देखी और गांधी जी के जीवन मूल्यों के बारे में जानकारी हासिल की| दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के दौरे के चलते अहमदाबाद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं| अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान गांधी आश्रम के बाद दोपहर 3.30 बजे तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे| शाम 4 बजे पूर्व अहमदाबाद के निकोल क्षेत्र में करीब डेढ़ किलोमीटर का रोड शो करें, जिसमें 50000 लोगों के शामिल होने की संभावना है| 3 अप्रैल केजरीवाल और मान सुबह 10 बजे शाहीबाग स्थित स्वामीनारायण मंदिर में दर्शन करेंगे| जिसके पश्चात राजनीतिक, सामाजिक एवं पार्टी नेताओं के साथ चुनावों को लेकर चर्चा करेंगे| 3 अप्रैल को ही दोनों नेता दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे|