प्रयागराज मण्डल में राजभाषा हिंदी की समीक्षा बैठक का किया गया आयोजन

प्रयागराज।  मंडल में सरकारी कामकाज में हो रही राजभाषा हिंदी की प्रगति की समीक्षा करने के उद्देश्य से 30.03.2022 को मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, प्रयागराज की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अतुल गुप्ता, अपर मंडल रेल प्रबंधक / इन्फ्रा, अजय कुमार राय, अपर मंडल रेल प्रबंधक / परिचालन, संजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक / सामान्य, सहित मंडल के सभी शाखाधिकारी मौजूद थे। बैठक का संचालन राजभाषा अधिकारी, शेषनाथ पुष्कर ने किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा ने शाखाधिकारियों से कहा कि अपनी पसंद की पुस्तकों की सूची राजभाषा विभाग में भिजवाएं ताकि मंडल कार्यालय में स्थापित हिंदी पुस्तकालय का बेहतर सदुपयोग हो सके। बैठक की समीक्षा करते हुए जिन मदों में उन्होंने कमी देखी उसके लिए उन्होंने शाखाधिकारियों को निर्देश दिया कि उस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करें। बैठक का संचालन करते हुए शेषनाथ पुष्कर, राजभाषा अधिकारी ने कहा कि यदि रेल अधिकारियों के तकनीकी ज्ञान और साहित्यिक ज्ञान एक साथ मिल जाए तो रेलवे का कायाकल्प हो सकता है और साहित्यिक ज्ञान में बृद्धि के लिए जरूरी है कि अधिकारी साहित्य की पुस्तकें भी पढ़ें। उन्होंने आगे कहा कि स्वाधीनता संग्राम के दौरान हिंदी साहित्य ने जिस प्रकार देश प्रेम की भावना का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसी प्रकार देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने  में भी हिंदी साहित्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।