दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों ने ली शपथ

नयी दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय के दो नव नियुक्त न्यायाधीशों पूनम ए. बंबा और न्यायमूर्ति स्वर्ण कांत शर्मा ने सोमवार को शपथ ली।कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विपिन सांघी ने न्यायमूर्ति बंबा और न्यायमूर्ति शर्मा को न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई।इसके साथ ही दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों के स्वीकृत 60 पदों के मुकाबले कुल संख्या 35 हो गयी।मुख्य न्यायाधीश की अदालत में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीशों, वकीलों के अलावा न्यायमूर्ति बंबा और न्यायमूर्ति शर्मा के परिवार के कई सदस्य मौजूद थे।केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने 24 मार्च को दोनों न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित अधिसूचनाएं जारी की थीं।उच्चतम न्यायालय की कॉलेजियम ने एक फरवरी को उन न्यायिक अधिकारियों को पदोन्नत करके दिल्ली उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी।