धोनी के कप्तानी छोड़ने की जानकारी पहले से थी : फ्लेमिंग

मुंबई । चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल सत्र से पहले कप्तानी छोड़ने से उन्हें कोई हैरानी नहीं हुई। फ्लेमिंग के अनुसार उन्हें इस बारे में पहले से ही पता था। धोनी ने पिछले सत्र में ही उनसे कप्तानी छोड़ने के बारे में बात की थी। फ्लेमिंग ने हालांकि कहा कि कब वह कप्तानी छोड़ने की घोषणा करेंगे उस समय की जानकारी उन्हें नहीं थी। इस पूर्व कीवी कप्तान ने कहा, ‘हमने इस पर बात की थी। धोनी ने पिछले सत्र में मुझसे इस बारे में कहा था। टाइमिंग का फैसला उसका अपना था।’ धोनी की कप्तानी में टीम ने चार बार खिताब जीते थे। उनके पद छोड़ने के बाद चेन्नई की कप्तानी रविंद्र जडेजा को सौंपी गयी है। फ्लेमिंग ने कहा, ‘यह पहले से तय था कि धोनी के हटने पर जडेजा ही कप्तान बनेंगे। इस जानकारी टीम प्रमोटर को दे दी गयी थी।’ उन्होंने कहा, ‘हम इसका सम्मान करते हैं। यह बदलाव का दौर है। हमारा जडेजा के साथ नाता है और धोनी भी टीम में है। हमारे पास नया कप्तान है और पूर्व कप्तान का अनुभव भी। यह बदलाव का दौर है पर हम इससे आसानी से निकल जाएंगे।’