वारिस पाक के जश्ने चरागा में उमड़ा सैलाब

फतेहपुर। शहर के आबूनगर नई बस्ती में जमाल वारसी कोटेदार के आवास पर वारिस पाक का जश्ने चरागा धूमधाम से मनाया गया। उपस्थित जायरीनों ने जहां वारिस पाक की नजर में शिरकत की। वहीं नातिया कलाम व कव्वाली में शायरों ने समां बांध दिया। रात भर प्रोग्राम हुआ और जायरीन डटे रहे। वारिस पाक के जश्ने चरागा में मुख्य अतिथि के रूप में सूफी खानकाह एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष शब्बीर वारसी ने शिरकत की। सर्वप्रथम जश्ने चरागा में वारिस पाक की नजर हुई। जिसमें उपस्थित लोगों ने देश की सलामती व आपसी भाईचारे के लिए दुआएं कीं। तत्पश्चात नातिया कलाम का आयोजन किया गया। जिसमें हजरत नूरी मियां, हसीब, पप्पू, राजू आदि ने अपने-अपने कलाम पेश किए। जिसे सुनकर उपस्थित लोगों ने या वारिस हक वारिस की आवाजें बुलंद की। इसके बाद कव्वाली के शानदार प्रोग्राम का आगाज किया गया। जिसमें नागपुर के उभरते हुए कव्वाल एजाज जानी व कानपुर के कमाल वारसी ने रात भर एक से बढ़कर एक कलाम पेश किए। उपस्थित लोगों ने कव्वालों की हौसला अफजाई भी की। जश्ने चरागा कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए देवा शरीफ से कई बुजुर्गों ने भी हिस्सा लिया। जिसमें मुनव्वर वारसी, फैजुल वारसी, कलाम वारसी शामिल रहे। यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है।