मतदान कार्मिकों के लिए  26 फरवरी एवं 27 फरवरी को चलेगा विशेष अभियान

देवरिया । जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया है कि विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 हेतु मतदान प्रक्रिया में लगे मतदान कार्मिकों के लिए  26 फरवरी एवं 27 फरवरी को विशेष अभियान चलाया जायेगा। उक्त दोनों दिवसों में एस०एस०बी०एल० एवं टाउनहाल में विधान सभावार मतदाता काउन्टर बनाया गया है। विधानसभावार बने काउन्टर में विधान सभा की मतदाता सूची रखी गयी है एवं एक राजपत्रित अधिकारी की तैनाती की गयी है जो मतदाताओं के प्रपत्र 12 को प्रमाणित करेगें। मतदान प्रक्रिया में सम्मिलित समस्त मास्टर ट्रेनर / सेक्टर मजिस्ट्रेट जोनल मजिस्ट्रेट / माईक्रो आब्जर्वर आदि अपना वोट डाल सकते हैं। साथ ही अधिकारियों से सम्बद्ध कर्मचारी भी अपने मताधिकार का प्रयोग इस प्रक्रिया से कर सकते है। उन्होंने बताया है कि समस्त अर्ह एवं इच्छुक शासकीय कर्मी इसके लिए प्रपत्र 12 पूरी तरह से भरकर ले आयेगे जो उन्हें पूर्व में ही उपलब्ध कराया गया है। इसमें मतदान सूची के भाग संख्या एवं क्रम संख्या का उल्लेख अवश्य करना होगा। पोस्टल बैलेट से मतदान सुबह 10 से सायं 5 बजे तक किया जायेगा।