रिजिजू ने अखिलेश पर लगाया भगवान बुद्ध का अपमान करने का आरोप

रिजिजू ने अखिलेश पर लगाया भगवान बुद्ध का अपमान करने का आरोप

नई दिल्ली। कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पर उत्तर प्रदेश में एक चुनावी रैली के दौरान कथित तौर पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा नहीं स्वीकार कर उनका अपमान करने का आरोप लगाया है। रिजिजू ने टि्वटर पर एक वीडियो साझा किया जिसमें अखिलेश यादव उपहार के रूप में दी जा रही भगवान बुद्ध की आवक्ष प्रतिमा को कथित तौर पर स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उन्होंने इसे मंच के पीछे रखने के लिए कहा। यह चुनावी रैली कुछ दिन पहले कौशांबी में हुई थी। भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष पर भगवान बुद्ध का अपमान करने का आरोप लगाया है। केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट किया मैं जानता था कि अखिलेश यादव दलितों की भावनाओं के प्रति कभी गंभीर नहीं रहे, लेकिन भगवान बुद्ध का यह खुला अपमान भारत के लोकाचार का अपमान है। गौरतलब है कि कौशांबी बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए एक बड़ा तीर्थस्थल है।