लेवांडोव्स्की बने साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉल खिलाड़ी , मैसी और रोनाल्डो को पीछे छोड़ा

नई दिल्ली । पोलैंड के रॉबर्ट लेवांडोव्स्की 2021 के सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉल खिलाड़ी बने हैं। लेवांडोव्स्की ने दूसरी बार यह उपलब्धि अपने नाम की है। इस प्रकार लेवांडोव्स्की ने अर्जेंटीना और फ्रेंच क्लब पीएसजी के दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी ओर पुर्तगाल व मैनचेस्टर यूनाइटेड के क्रिस्टियानो को पीछे छोड़ा है। लेवांडोव्स्की ने बुंदेसलीगा के पिछले सत्र में रिकॉर्ड 41 गोल किए थे। तब उन्होंने गर्ड मुलर के एक सत्र में 40 गोल के 49 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा था। वहीं मेसी साल के दूसरे सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी बने हैं जबकि तीसरे स्थान पर मिस्र और लिवरपूल के मोहम्मद सालाह हैं। वहीं इससे पहले रोनाल्डो फीफा अवॉर्ड्स की दौड़ से बाहर हो गए थे। पांच बार के विजेता रोनाल्डो 2007 में फीफा पुरस्कारों के लिए पहली बार नामांकित होने के बाद से केवल दूसरी बार इस सूची में जगह बनाने में विफल रहे। वह पहली बार 2010 के पुरस्कारों की सूची में जगह बनाने से रह गये थे। तब मेसी ने आंद्रे इनिएस्ता और जावी को पीछे छोड़कर खिताब अपने नाम किया था। रोनाल्डो भी लगातार 2 साल फीफा के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी रहे हैं। मेसी ने पिछले साल कोपा अमेरिका कप के जरिये अर्जेंटीना के साथ अपना बड़ा खिताब जीता था। वहीं, पिछले साल रिकॉर्ड सातवीं बार बैलन डीओर सम्मान भी हासिल किया था। वो सबसे ज्‍यादा बार इस खिताब को जीतने वाले खिलाड़ी हैं। मेसी ने रॉबर्ट लेवांडोव्स्की को पीछे छोड़कर ही सम्मान हासिल किया था। वहीं महिलाओं में बार्सिलोना की एलेक्सिया पुटेलस और जेनिफर हर्मोसो के साथ चेल्सी की सैम केर फीफा वुमेन प्लेयर ऑफ द ईयर की दौड़ में शामिल थीं। पुटेलस ने पिछले महीने ही महिला बैलन डी ओर का खिताब जीता था। इसमें हर्मोसो दूसरे और केर तीसरे स्थान पर रही थीं। 27 साल की पुटेलस स्पेनिश लीग और यूईएएफ चैम्पियंस लीग का खिताब जीतने वाली बार्सिलोना टीम की अहम खिलाड़ी थीं।