मुंबई पुलिस ने चोरी के आरोपी युवक को किया गिरफ्तार

बांदा। परदेश में नौकरी कर रहा युवक दो वर्ष पहले दुकान में चोरी करके वहां से फरार हो गया था। दुकान मालिक ने घटना की रिपोर्ट मुंबई के सिवड़ी थाने में दर्ज कराई थी। दो वर्ष बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया, उसे न्यायालय में पेश करने के बाद मुंबई ले गई।तिंदवारी थाना क्षेत्र के लोहारी गांव निवासी सूर्या पुत्र कुबेर सिंह मुंबई के सिवड़ी में रहकर एक प्राइवेट नौकरी करता था। इसी दौरान सन 2019 में एक दुकान में चोरी हो गई। चोरी होने के बाद सूर्या वहां से भाग खड़ा हुआ। दुकान मालिक ने घटना की तहरीर मुंबई के सिवड़ी थाने में दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान सूर्या को चोरी में शामिल होना पाया। मुंबई पुलिस सोमवार को सुरागरसी करती हुई लोहारी गांव पहुंची और सूर्या को घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर मुंबई पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई। तिंदवारी थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि मुंबई पुलिस लोहारी गांव आई थी और सूर्या को गिरफ्तार करके ले गई है।