व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री बने हरीश अग्रवाल

सोनभद्र। शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी हरीश अग्रवाल उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री मनोनीत किए गए हैं। जबकि, यहीं के आकाश जायसवाल को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता की अगुवाई में सोमवार को हुई बैठक में इन दोनों पदाधिकारियों को उनके मनोनयन पत्र सौंपे गए और उनका अभिनंदन किया गया। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने दोनों पदाधिकायिों का स्वागत करते हुए कहा कि व्यापारियों की आवाज अब और मजबूती के साथ उठेगी। व्यापार मंडल व्यापारियों के लिए समर्पित है और किसी भी सूरत में व्यापारी हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों से संगठन से जोड़ने के लिए जिला संगठन मंत्री अजीत जायसवाल के प्रयासों की सराहना की। कहा कि संगठन तभी आगे बढ़ता है जब हर कोई इसके लिए समर्पित होता है। सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी एकजुटता के साथ संगठन को मजबूती देने में जुटें। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन के कामकाज के साथ व्यापारियों के हितों की रक्षा के अपने प्रयासों को पूरी समग्रता के साथ आगे बढ़ाया जाए। इससे पहले शहर स्थित होटल सवेरा में हुई इस बैठक की शुरुआत श्रद्धांजलि सभा के साथ हुई। युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रमेश जायसवाल की धर्मपत्नी शिखा जायसवाल के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की गई। साथ ही, दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर जिला महामंत्री राजेश बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला प्रवक्ता प्रकाश केसरी, नगर अध्यक्ष आनंद प्रताप जायसवाल, आईटी सेल अध्यक्ष अजय केसरी, किराना व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम केसरी समेत अन्य पदाधिकरी मौजूद थे।