टोक्यो में सनकी ने 17 लोगों को चाकू से किया घायल, फिर ट्रेन में लगा दी आग

टोक्यो । टोक्यो में रविवार को यात्री ट्रेन के एक डिब्बे में एक व्यक्ति ने कई लोगों को चाकू मार कर घायल कर दिया और इसके बाद ट्रेन में आग लगा दी। टोक्यो अग्निशमन विभाग ने बताया कि घटना में घायल लोगों में तीन की हालत नाजुक है। 20 वर्षीय हमलावर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। टोक्यो पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि घटना कोकुरयो स्टेशन के निकट केइयो ट्रेन में हुई। हमलावर की मंशा का तत्काल पता नहीं चल पाया है। टेलीविजन फुटेज में कई अग्निशामक, पुलिस अधिकारी और पैरामेडिकलकर्मी यात्रियों को बचाते हुए दिख रहे हैं, कई यात्री ट्रेन की खिड़कियों से कूद कर भागते हुए दिख रहे हैं। एक वीडियो में, एक और डिब्बे से यात्री भागते हुए दिख रहे हैं, जहां आग की लपटें उठ रही थीं।एनएचके ने कहा कि संदिग्ध ने यात्रियों को चाकू मारने के बाद तेल जैसा तरल पदार्थ डाला और आग लगा दी। वीडियो बनाने वाले शुनसुके किमुरा ने एनएचके को बताया कि उन्होंने यात्रियों को भागते हुए देखा और जब उन्होंने यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या हुआ है, तो उन्होंने धमाके की आवाज सुनी और धुआं उठता देखा। टोक्यो में ट्रेन के अंदर चाकू से हमले की दो महीने में यह दूसरी घटना है। इससे पहले अगस्त में टोक्यो ओलंपिक के समापन समारोह से एक दिन पहले 36 वर्षीय व्यक्ति ने टोक्यो में एक यात्री ट्रेन में 10 लोगों को चाकू मार दिया था। संदिग्ध ने बाद में पुलिस को बताया था कि वह खुश दिख रही एक महिला पर हमला करना चाहता था।