अब आधुनिक मशीन से होगी परिक्रमा पथ की सफाई

चित्रकूट। लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, सांसद आरके सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, नगर पालिका परिषद कर्वी अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग वित्त पोषित, नगर पालिका से संचालित पावन कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के स्वच्छता कार्य के लिए आधुनिक मशीनों का लोकार्पण हरी झंडी दिखाकर रामायण दर्शन परिक्रमा मार्ग खोही से शुभारंभ किया।राज्य मंत्री ने कहा कि भगवान श्री राम साढ़े 11 वर्ष इस धरती पर बिताए थे। श्रद्धालु पैदल व लेट कर परिक्रमा करते हैं। यहां पर अपार ऊर्जा का भंडार है। जब तक पृथ्वी रहेगी तो परिक्रमा लोग करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने भी अयोध्या से चित्रकूट को जोड़ने का काम किया है। प्रधानमंत्री अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य करा रहे है। यहां पर रामायण सर्किट, फुट ओवर ब्रिज, लेजर शो, मल्टीपरपज हाल, फैसिलिटी सेंटर आदि विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिक्रमा क्षेत्र के उत्तर प्रदेश की सीमा में चक लोहासर गांव की तरफ से वन विभाग से परमीशन लेकर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की भी श्रद्धा है यह परिक्रमा मार्ग कैसे स्वच्छ एवं साफ रहे। कहा कि भगवान को जैसा कार्य कराना होता है उसी के अनुसार जनपद में अधिकारियों की तैनाती कराते हैं। परिक्रमा मार्ग में काफी सफाई होती थी, लेकिन अब इन आधुनिक मशीनों के आने से और बेहतर तरीके से साफ सफाई होगी। कहा कि भगवान जब आए थे तो यहां पर कोल भील, ऋषि मुनि घनघोर जंगल था। उन्होंने बाल्मीकि आश्रम लालापुर में जाकर बाल्मीकि जी से रहने का आदेश लेकर इस कामदगिरि पर्वत पर निवास किया था। जिले के निवासी सौभाग्यशाली हैं जो यहां पर निवास करते हैं। मुख्यमंत्री चित्रकूट के विकास के लिए तत्पर हैं। अयोध्या में भी नया अयोध्या बनाया जा रहा है। लालापुर में भी रोपबे का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीने के पानी की समस्या परिक्रमा क्षेत्र में है। इसकी भी व्यवस्था कराई जाए। विद्युत व्यवस्था ठीक चल रही है। कहा कि समाज में अगर सिविल सेंस नहीं आएगा तो विकास संभव नहीं हैं।सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान की कड़ी में आधुनिक मशीनों का परिक्रमा पथ की सफाई के लिए शुभारंभ किया गया है। अखंड भारत के शिल्पी सरदार बल्लभ भाई पटेल की जन्म जयंती भी है। उन्हें नमन करते हैं। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट का सर्वांगीण विकास कराने का निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बंटा होने से पूर्ण रूप से विकास नहीं कर पा रहे है।ं इस रामायण दर्शन के लिए पहुंच मार्ग नहीं है। पूरे कामदगिरि पर्वत के बाहर से रिंग रोड बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा की परिक्रमा का अतिक्रमण मुआवजा देकर हटवाया जाए। सरकार मुआवजा देने के लिए तैयार हैं। नगर पालिका अध्यक्ष से कहा कि अब यह पूरा क्षेत्र नगर पालिका में आ गया है। इस पर कार्यवाही कराएं और मशीनों के माध्यम से नियमित साफ-सफाई कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि परिक्रमा मार्ग की स्वच्छता को देखते हुए पर्यटन विभाग ने नगर पालिका को यह आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई है। स्वच्छता महत्वपूर्ण कार्य है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के लिए अलख जगा कर स्वच्छ भारत मिशन के कई आयाम चलाए हैं। परिक्रमा पथ की सफाई के लिए यह मशीनें कार्य करेंगी। कहा कि सभी स्वच्छता बनाए रखें। ताकि तीर्थ यात्रियों को समस्या न हो। उन्होंने मशीन संचालकों से कहा कि इन मशीनों को सहूलियत से चलाएं। जिससे कम मेहनत से सफाई अधिक होगी। भीड़ में सावधानीपूर्वक कार्य करें। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष व उप जिलाधिकारी कर्वी पूजा यादव, प्रभारी अधिशासी अधिकारी से कहा कि लगातार मशीन संचालकों को मशीन चलाने के लिए प्रशिक्षण देते रहे। इनकी देखरेख भी कराएं। कार्यक्रम का संचालन पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान दिगंबर अखाड़ा के महंत दिव्यजीवन दास, सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, राज कुमार त्रिपाठी, निवर्तमान ग्राम प्रधान खोही के प्रतिनिधि अरुण कुमार त्रिपाठी, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक केके शुक्ला, चैकी प्रभारी सीतापुर रामवीर सिंह, चैकी प्रभारी परिक्रमा पथ भागीरथी पांडेय आदि साधु, संत मौजूद रहे।