यूपी मिशन 2022 सियासी मंत्र देने लखनऊ आ रहे हैं अमित शाह

लखनऊ । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंच रहे हैं। सुबह से शाम के बीच ही वह प्रदेश भाजपा के कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान वह न केवल पार्टी द्वारा तय कार्यक्रमों में भाग लेंगे बल्कि मुख्यालय पर होने वाली बैठकों में मिशन-2022 के लिए पार्टी की रणनीति तय करने के साथ ही सियासी मंत्र भी देंगे। शाह सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने के अलावा पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकें करेंगे। उनके इस कार्यक्रम को भाजपा के चुनावी अभियान का अहम पड़ाव माना जा रहा है। उनके द्वारा दिए जाने वाले दिशा निर्देशों के मुताबिक प्रदेश भाजपा मिशन 2022 के अपने कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएगी। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री शाह शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे चौधरी चरण एयरपोर्ट पहुंचेंगें। एयरपोर्ट से वह सीधे डिफेंस एक्सपो मैदान सेक्टर-17 वृन्दावन योजना स्थित कार्यक्रम स्थल पर सुबह 11 बजे पहुंचेगे। जहां पर पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही अवध क्षे़त्र के शक्ति केंद्र संयोजक/प्रभारियों को संबोधित करेंगे। इस संबोधन को काफी अहम माना जा रहा है। अमित शाह पार्टी के एलईडी प्रचार वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व राज्य सरकार के मंत्री मौजूद रहेगें। गृहमंत्री दोपहर एक बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करेंगे। बैठक में पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, लोकसभा चुनाव 2019 में लोकसभा के प्रभारी व संयोजक शामिल होंगें। इसके बाद वह पार्टी के राज्य मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां पर प्रदेश प्रभारी-सहप्रभारी, प्रदेश चुनाव प्रभारी-सहप्रभारियों सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। इस बैठक में अब तक की तैयारियों का फीडबैक लेंगे साथ ही आगे के लिए जरूरी निर्देश देंगे। उनके कार्यक्रम और आगमन को देखते प्रदेश भाजपा के दिग्गज नेता इस राजधानी में जमे हुए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर की जा रही तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।