बैनामाशुदा प्लाट पर दबंग कब्जे का कर रहे प्रयास

फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम रजाबाद मजरे नौहइया में बैनामाशुदा एक प्लाट पर कुछ दबंग पीड़िता को धमका कर अवैध कब्जा करने की नियत से ईंट पत्थर डलवा दिए हैं। अब पीड़िता पर जबरन अपने नाम बैनामा करने का दबाव बना रहे हैं। जिससे परेशान पीड़िता ने शनिवार जिलाधिकारी की चैखट पर आकर न्याय की गुहार लगाते हुए एक शिकायती पत्र सौंपा है। ग्राम रजाबाद मजरे नोहइया निवासी शबनम पत्नी इश्तियाक ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसने 126 वर्ग मीटर प्लाट का बैनामा किफायत उल्ला पुत्र बिसमिल्ला निवासी ग्राम रजाबाद हाल मुकाम मुहल्ला ज्वालागंज घोसियाना से कराया था। उक्त प्लाट पर वह काबिज व दाखिल भी है। बताया कि गांव के दबंग सराफत अली, नियाज अहमद, अफजाल व इनके अन्य सहयोगी उसके प्लाट पर जबरन कब्जा करने की नियत रखते हैं। पन्द्रह अक्टूबर को ईंट आदि प्लाट पर डलवा दिया। उसके मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं दबंग उस पर जबरन बैनामा उनके नाम किए जाने का दबाव भी बना रहे हैं। जबकि इस प्लाट से उक्त लोगों का कोई लेना-देना नहीं है। बताया कि इसकी जानकारी थरियांव पुलिस को पत्र के जरिए दी। लेकिन उसके प्लाट से ईंटा आदि अभी तक नहीं हटवाया गया। जिससे वह बेहद परेशान है। उसने जिलाधिकारी से दबंगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए प्लाट से ईंटा हटवाकर अवैध कब्जे को रोके जाने की गुहार लगाई है। इस मौके पर नईम अहमद, इरशाद हुसैन व मो. इश्तियाक भी मौजूद रहे।