सूचना विभाग की प्रदर्शनी का डीएम ने किया शुभारंभ

चित्रकूट। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने प्रदेश सरकार के सफलतापूर्वक साढ़े चार वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों से संबंधित तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का आयोजन जनपद मुख्यालय तहसील कर्वी स्थित ग्राउंड में किया है। सोमवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया।प्रदर्शनी के उद्घाटन के उपरांत जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, मुफ्त वैक्सीन, राशन, इलाज, युवाओ को नौकरी, एक्सप्रेस वे, मिशन रोजगार, सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास, महिला सशक्तिकरण, कृषि आदि से सम्बंधित आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से वर्तमान सरकार के साढ़े चार वर्ष के कीर्तिमान की झलकियां दिखाई हैं। इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे, हवाई पट्टी का विकास, चिकित्सा, शिक्षा, प्रधानमंत्री ग्रामीण, शहरी आवास, सौर ऊर्जा, आदि जन कल्याणकारी योजनाएं प्रदर्शनी के माध्यम से देखने को मिलेगी। कृषि तकनीकी जानकारी कर कृषि के क्षेत्र में कृषक लाभ उठा सकते हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई है। जिसका सीधा लाभ जन सामान्य को मिल रहा है। इसके अलावा गरीब लोगों के उत्थान के कार्य किए गए हैं। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी आरके त्रिपाठी, पंकज अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आमजन मौजूद रहे।